Ad image

कर्नाटक में फंसे बरही के ग्रामीण मजदूरों को लेकर विधायक मनोज यादव का सख्त रुख, उपायुक्त को लिखा पत्र

jharkhandnews024@gmail.com
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now

कर्नाटक में फंसे बरही के ग्रामीण मजदूरों को लेकर विधायक मनोज यादव का सख्त रुख, उपायुक्त को लिखा पत्र

प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप की मांग, श्रमायुक्त से मुलाकात कर मजदूरों की सुरक्षित वापसी का कराया भरोसा

बरही

बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने कर्नाटक राज्य में कथित रूप से फंसे बरही प्रखंड के ग्रामीण मजदूरों के मामले को गंभीरता से लेते हुए हजारीबाग उपायुक्त को पत्र लिखा है। साथ ही उन्होंने दूरभाष के माध्यम से भी प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर स्थिति से अवगत कराया। विधायक ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए सभी मजदूरों को सुरक्षित झारखंड वापस लाने की मांग की है। विधायक मनोज यादव ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि बरही प्रखंड के कई ग्रामीण मजदूरों को एक बिचौलिया/ठेकेदार द्वारा गलत झांसा देकर कर्नाटक राज्य के एक स्थान पर मजदूरी कराने ले जाया गया है।

- Advertisement -

वहां मजदूरों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है और वे किसी भी हाल में अपने घर, बरही प्रखंड, लौटना चाहते हैं। विधायक ने आशंका जताई कि मजदूरों को उनकी इच्छा के विरुद्ध वहां रोके जाने की स्थिति उत्पन्न हो गई है।विधायक ने बताया कि मजदूर पूरज रविदास द्वारा लगातार अपनी लाइव लोकेशन भेजी जा रही है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि सभी मजदूर वहां फंसे हुए हैं और सहायता की अपेक्षा कर रहे हैं। उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कर्नाटक राज्य के संबंधित प्रशासन से समन्वय स्थापित कर सभी मजदूरों को सुरक्षित झारखंड वापस लाने की तत्काल व्यवस्था की जाए, ताकि वे अपने परिजनों से मिल सकें। इस पत्र की प्रतिलिपि माननीय मुख्यमंत्री झारखंड सरकार, माननीय मुख्यमंत्री कर्नाटक सरकार, झारखंड व कर्नाटक के डीजीपी, प्रधान सचिव झारखंड सरकार, श्रमायुक्त झारखंड सरकार एवं हजारीबाग के आरक्षी अधीक्षक को भी भेजी गई है, ताकि सभी स्तरों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

इधर, विधायक मनोज यादव ने जानकारी दी कि बरही प्रखंड के जो ग्रामीण मजदूर कर्नाटक में बिचौलिये के झांसे में फंस गए थे, उन्हें सकुशल ट्रेस कर लिया गया है। सूचना मिलते ही हजारीबाग प्रशासन को अवगत कराया गया, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए कर्नाटक सरकार के संबंधित उपायुक्त से संपर्क कर मजदूरों की सुरक्षित वापसी के लिए आग्रह किया गया। विधायक ने रांची स्थित श्रमायुक्त रविरंजन कुमार विक्रम के कार्यालय में जाकर उनसे मुलाकात भी की। श्रमायुक्त कार्यालय के लेबर माइग्रेंट सेल की मुस्तैदी और साझा प्रयासों से मजदूरों का पता लगा लिया गया है तथा संवेदक से लगातार संपर्क बनाया हुआ है। विधायक मनोज यादव ने कहा कि जब तक हर एक मजदूर सकुशल अपने घर नहीं लौट आता, वे व्यक्तिगत रूप से पूरे मामले की निगरानी करते रहेंगे। उन्होंने इस संकट की घड़ी में धैर्य बनाए रखने के लिए मजदूरों के परिजनों का धन्यवाद किया और भरोसा दिलाया कि बरही पुलिस प्रशासन मजदूरों के हितों की रक्षा हेतु हर आवश्यक कार्रवाई कर रहा है। इस पहल से मजदूरों के परिजनों में राहत की उम्मीद जगी है और प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक परिणाम की अपेक्षा की जा रही है। मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष रमेश ठाकुर भी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *