बसरिया में दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण का समापन, प्रमुख मनोज रजक हुए शामिल
जैविक खेती कर कृषक बनें आत्मनिर्भर : मनोज रजक
बरही
बरही प्रखंड के बसरिया पंचायत स्थित पंचायत सचिवालय परिसर में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, हजारीबाग के तत्वावधान में आयोजित कृषक महिलाओं के लिए दो दिवसीय कृषि प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन किया गया। समापन कार्यक्रम में प्रमुख के रूप में प्रखंड प्रमुख मनोज रजक उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रमुख मनोज रजक ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में जैविक खेती को अपनाकर किसान आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अधिक प्रयोग से भूमि की उर्वरता प्रभावित हो रही है, ऐसे में जैविक खेती न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने कृषकों से उन्नत तकनीक, वैज्ञानिक पद्धति और प्रशिक्षण में दी गई जानकारियों को अपने खेतों में अपनाने का आह्वान किया। दो दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कृषक महिलाओं को उन्नत बीजों का चयन, कीटनाशकों का संतुलित उपयोग, जैविक खेती की विधियां, फसल उत्पादन में वृद्धि, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के उपाय सहित कृषि से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षकों द्वारा आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देकर महिलाओं को खेती को लाभकारी व्यवसाय के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन के बाद सभी प्रशिक्षु कृषक महिलाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जिससे उनमें उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला। मौके पर बीटीएम राकेश कुमार, मुखिया प्रतिनिधि हरेंद्र गोप, पौधा संरक्षण कर्मी दिलीप कुमार पाण्डेय, कुंदन कुमार, किसान मित्र राजेंद्र यादव, खुशबू कुमारी, सीमा देवी, अफसाना बानो, नीलम देवी, संगीता देवी, सरस्वती देवी, पार्वती देवी, कविता देवी सहित सभी कृषि प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में कृषक महिलाएं उपस्थित रहीं।

