रांची-
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जनता अब उनके धनबल और ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स जैसी केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग से भयभीत होने वाली नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बार-बार झूठे आरोपों और राजनीतिक हथकंडों का सहारा लेकर लोकतंत्र को कमजोर करने में लगी है, लेकिन अब जनता पूरी तरह जागरूक है और उसे बहकाया नहीं जा सकता। पटना की ऐतिहासिक रैली का हवाला देते हुए पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में स्पष्ट कर दिया कि अगर वे जेल से बाहर रहते, तो झारखंड में भाजपा लोकसभा चुनाव में खाता भी नहीं खोल पाती। उनके अनुसार यह बयान विपक्ष की ताकत और भाजपा के भीतर पसरे भय को उजागर करता है। पांडेय ने कहा कि 2024 के विधानसभा चुनाव में जनता ने इंडिया गठबंधन और हेमंत सोरेन के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए पूर्ण बहुमत दिया। झामुमो सरकार आज जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतार रही है और यही सच्चाई भाजपा को स्वीकार नहीं हो रही है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह लगातार आदिवासी, दलित, किसान और पिछड़े वर्गों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।
शिबू सोरेन की विरासत और गठबंधन की मजबूती
विनोद पांडेय ने कहा कि आदरणीय शिबू सोरेन की विरासत हमेशा संघर्ष और बलिदान की रही है। कांग्रेस और झामुमो का गठबंधन इसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इसके विपरीत भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और खरीद-फरोख्त की राजनीति में लिप्त है।उन्होंने कहा कि भाजपा को झारखंडी अस्मिता की बात करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। हेमंत सोरेन का नेतृत्व झारखंड की अस्मिता और हक की रक्षा का प्रतीक है। पांडेय ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जनता भाजपा को करारा जवाब देगी और लोकतंत्र की रक्षा के लिए गठबंधन की एकजुटता को और मजबूत करेगी।