भारतीय गौरव सम्मान’ से नवाजे गए डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. गंगवार
बोकारो पप्पू वर्मा
बोकारो शिक्षा के क्षेत्र में अपने अनुकरणीय योगदान के लिए दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने एक और नई उपलब्धि अर्जित की है। भुवनेश्वर (ओडिशा) के जयदेव भवन में आयोजित 17वें एजुकेशन लीडरशिप कॉन्क्लेव के दौरान उन्हें भारतीय गौरव सम्मान 2025 से नवाजा गया। सेंटर फॉर एजुकेशनल डेवलपमेंट (सीईडी) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में डॉ. गंगवार को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदानों तथा विद्यालय में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के सफल क्रियान्वयन के लिए खास तौर से सम्मानित किया गया। अलग-अलग कैटेगरी में देशभर से प्राप्त कुल 2500 प्रविष्टियों में से केवल छह को भारतीय गौरव सम्मान मिला। विशेष बात यह रही कि पूरे झारखंड से एकमात्र डॉ. गंगवार ने यह लब्ध-प्रतिष्ठित पुरस्कार पाने का स्वर्णिम अवसर प्राप्त किया।
शिक्षा के क्षेत्र में मूल्यांकन एवं प्रशिक्षण संबंधी कार्यों के लिए एमएसएमई, नीति आयोग, भारत सरकार के तहत निबंधित सीईडी फाउंडेशन की ओर से आयोजित उक्त समारोह का आयोजन वैसे शिक्षाविदों को सम्मानित करने के लिए किया गया, जिन्होंने अपने अमूल्य योगदानों से समर्पित होकर देश के शैक्षणिक उत्थान में अहम भूमिका निभाई है। समारोह में मुख्य रूप से उपस्थित एनसीईआरटी के पूर्व निदेशक डॉ. ऋषिकेश सेनापति, डब्ल्यूओडब्ल्यू फाउंडेशन के प्रबंध निदेशक डॉ. शंकर गोयनका, एकाम्र (भुवनेश्वर) के विधायक बाबू सिंह, पूर्वी ओडिशा सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स के चेयरमैन डॉ. प्रियदर्शी नायक व वरिष्ठ भाजपा नेत्री स्मृति पटनायक सहित अन्य गणमान्यजनों के हाथों डॉ. गंगवार पुरस्कृत किए गए।
पुरस्कार पाने के बाद शनिवार को बोकारो लौटने पर डॉ. गंगवार ने इसके लिए समस्त विद्यालय परिवार के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय के छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों व सभी शिक्षकों सहित समस्त हितधारकों के सहयोग से ही यह संभव हो सका है। सभी के प्रयास से ही डीपीएस बोकारो नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के मानदंडों पर खरा उतरा है। इसके अनुरूप विद्यालय में नवाचार-युक्त शिक्षा तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए निरंतर अभिनव प्रयास किए जा रहे हैं। इस प्रकार के सम्मान से आगे और भी पूरी तत्परता व कटिबद्धता से कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। विदित हो कि डॉ. गंगवार को उनके साढ़े तीन दशक से भी अधिक समय के शैक्षणिक योगदानों को देखते हुए हाल ही में एक बार पुनः सीबीएसई का सिटी कोऑर्डिनेटर भी नियुक्त किया गया है।

