लोकनायक जयप्रकाश नारायण की 123वीं जयंती हर्षोल्लासपूर्वक मनाई गई
पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा एवं समाजसेवी नीलिमा सिन्हा ने की प्रतिमा पर माल्यार्पण, कहा – आज जेपी के मूल्य भुला दिए गए हैं
हजारीबाग
लोकनायक जयप्रकाश नारायण की 123वीं जयंती हजारीबाग जिला मुख्यालय स्थित जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारागार परिसर में बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर हजारीबाग के पूर्व सांसद सह पूर्व वित्त एवं विदेश मंत्री यशवंत सिन्हा तथा उनकी धर्मपत्नी प्रसिद्ध समाजसेवी नीलिमा सिन्हा ने जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित थे। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और लोकनायक के आदर्शों को याद कर उनकी जयंती को उत्सव के रूप में मनाया।
अपने संबोधन में यशवंत सिन्हा ने कहा कि आज जेपी के मूल्यों को पूरी तरह भुला दिया गया है। उन्होंने जो संघर्ष सामाजिक और राजनीतिक बदलाव के लिए किया था, उसे आज के नेता उलटी दिशा में ले जा रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि जयप्रकाश नारायण ने 1970 के दशक में इंदिरा गांधी के विरुद्ध विपक्ष का नेतृत्व किया था और संपूर्ण क्रांति का आह्वान कर देश में लोकतंत्र को पुनर्स्थापित किया था। यशवंत सिन्हा ने कहा कि जयप्रकाश नारायण ने जात-पात तोड़ दो, तिलक दहेज छोड़ दो, समाज के प्रभाव को नई दिशा में मोड़ दो जैसे नारे देकर देश में सामाजिक सुधार की ज्योति जलाई थी।
उन्होंने आगे कहा कि संपूर्ण क्रांति की तपिश इतनी प्रखर थी कि कांग्रेस को सत्ता से हाथ धोना पड़ा था। जयप्रकाश नारायण की एक पुकार पर हजारों युवा सड़कों पर उतर आते थे। उन्होंने यह भी कहा कि आज़ादी से पहले भी जयप्रकाश नारायण ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वह इसी हजारीबाग केंद्रीय कारागार से अंग्रेजों की गिरफ्त से भागकर ब्रिटिश शासन को चुनौती देने वाले वीर सपूत थे। सिन्हा ने कहा कि जेपी का पूरा जीवन सिद्धांतों और आदर्शों से भरा था — उन्होंने कभी समझौता नहीं किया और उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
इस अवसर पर दीपक नाथ सहाय, सुमन कुमार, विपिन कुमार सिन्हा, कृष्ण कुमार सिन्हा, आशीष सिंह, हिमांशु कुमार, प्रियंबदा, पुष्प तिर्की, रफीक अंसारी, ज्ञान प्रकाश, प्रियांशु सहाय, लक्ष्मण लाल, रोहित बर्मन, नवीन मिश्रा, रामजतन स्वर्णकार, अनिल कुमार लाल, बप्पी करण, शशिकांत श्रीवास्तव, मनोज कुमार, ललित मोहन, बैजनाथ लाल, अमर कुमार सिन्हा, पंचम किशोर, नवल किशोर प्रसाद, मदनलाल, मिथिलेश कुमार सिन्हा, ओमप्रकाश, जीत नाथ सिंह, अर्जुन सिंह, विनोद कुमार सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी अनिल सिन्हा ने दी।

