भामाशाह सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बरही में जनजातीय गौरव दिवस एवं झारखंड स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक सम्पन्न
बरही
भामाशाह सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरही में शनिवार को जनजातीय गौरव दिवस सह झारखंड राज्य स्थापना दिवस का आयोजन बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ की गई, जिसके बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य रजनीश कुमार पांडेय ने अतिथियों का परिचय कराया। प्रधानाचार्य रजनीश पाण्डेय ने कहा कि झारखंड की आन-बान-शान इसकी जनजातीय पहचान और संस्कृति है। भगवान बिरसा मुंडा हमारे प्रेरणा स्रोत हैं, जिन्होंने समाज और राष्ट्र के लिए बलिदान दिया। ऐसे दिवस हमें अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और छात्रों में गर्व की भावना जगाते हैं। इस मौके पर भैया-बहनों ने जनजातीय गौरव दिवस और स्थापना दिवस पर अपने विचार रखे।
विद्यालय के बच्चों ने नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं उनके संघर्षों पर प्रकाश डाला, जिसने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। वहीं, छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक नृत्य ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के कोषाध्यक्ष रोहित कुमार भी उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन मनीष कुमार सिन्हा ने किया। पूरा कार्यक्रम विद्यालय की आचार्या सृष्टि लकड़ा के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

