5 जनवरी को रांची में मनरेगा बचाओ महारैली एवं पदयात्रा, केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ आंदोलन में हो शामिल : कोमल कुमारी
हजारीबाग
केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम का नाम बदलने और इस योजना को कमजोर करने के प्रयासों के खिलाफ झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में 5 जनवरी 2026 को राजधानी रांची में मनरेगा बचाओ महारैली एवं पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। जानकारी देते हुए यूथ कांग्रेस महासचिव कोमल कुमारी ने बताया कि यह कार्यक्रम कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू जी के नेतृत्व में आयोजित होगा, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता, मजदूर, किसान और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।
इस अवसर पर यूथ कांग्रेस झारखंड की प्रदेश महासचिव कोमल कुमारी ने कहा कि मनरेगा केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि देश के गरीबों, मजदूरों और ग्रामीण भारत के लोगों के सम्मान, अधिकार और आजीविका की गारंटी है। उन्होंने कहा कि मनरेगा ने लाखों परिवारों को कठिन समय में रोजगार देकर आर्थिक संबल प्रदान किया है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है। ऐसे में इसके नाम या स्वरूप से छेड़छाड़ करना सीधे तौर पर गरीबों के हक पर हमला है। कोमल कुमारी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि मनरेगा का नाम बदलने या इसे कमजोर करने की कोशिश दरअसल इस जनहितकारी योजना की मूल भावना को खत्म करने की साजिश है।
कांग्रेस पार्टी किसी भी हालत में ऐसी साजिशों को सफल नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से गरीब, किसान और मजदूरों के साथ खड़ी रही है और आगे भी उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। प्रदेश महासचिव कोमल कुमारी ने राज्य के युवाओं, मजदूरों, किसानों, महिलाओं और आम नागरिकों से अपील की कि वे 5 जनवरी 2026 को रांची पहुंचकर मनरेगा बचाने की इस लड़ाई में एकजुट होकर अपनी भागीदारी निभाएं और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करें।

