Ad image

उरीमारी फायरिंग कांड का पुलिस ने किया सफल उद्भेदन, राहुल दुबे गिरोह के 10 अपराधी गिरफ्तार

jharkhandnews024@gmail.com
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now

उरीमारी फायरिंग कांड का पुलिस ने किया सफल उद्भेदन, राहुल दुबे गिरोह के 10 अपराधी गिरफ्तार

हजारीबाग

हजारीबाग जिले के उरीमारी थाना क्षेत्र में 31 दिसंबर 2025 को दसाई मांझी के घर के पास हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का हजारीबाग पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने कुख्यात राहुल दुबे गिरोह से जुड़े 10 अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बताया कि 31 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 4:30 बजे उरीमारी ओपी क्षेत्र अंतर्गत दसाई मांझी के घर के समीप अज्ञात अपराधियों द्वारा फायरिंग की गई थी। बाद में इस घटना की जिम्मेदारी राहुल दुबे गिरोह ने ली थी। घटना के बाद पीड़ित दसई मांझी के लिखित आवेदन के आधार पर बड़कागांव (उरीमारी ओपी) थाना कांड संख्या 286/25 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

- Advertisement -

एसआईटी का गठन, लगातार चला छापामारी अभियान

मामले के उद्भेदन एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर हजारीबाग श्री अमित आनंद के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी टीम द्वारा उरीमारी, गिद्दी, बड़कागांव एवं केरेडारी थाना क्षेत्रों में लगातार छापामारी अभियान चलाया गया। इसी क्रम में 7 जनवरी 2026 की रात करीब 9:20 बजे पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली कि राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय सदस्य शिव राज उर्फ शिवा अपने 8–10 सहयोगियों के साथ उरीमारी ओपी क्षेत्र अंतर्गत बघरैया फुटबॉल मैदान के पास हथियारों के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना के सत्यापन के बाद एसआईटी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बघरैया फुटबॉल मैदान के पास छापेमारी की। मौके पर महुआ पेड़ के पास कुछ लोग एकत्रित पाए गए। पुलिस को देखते ही कुछ अपराधी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस बल ने घेराबंदी कर 10 अपराधियों को धर दबोचा, जबकि कुछ लोग अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार अपराधियों की तलाशी लेने पर दसाई मांझी के घर पर की गई फायरिंग में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए गए। इसके बाद बड़कागांव (उरीमारी ओपी) कांड संख्या 01/26 दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार राहुल दुबे गिरोह झारखंड के विभिन्न जिलों में सक्रिय है और रंगदारी व लेवी के लिए फायरिंग जैसी घटनाओं को अंजाम देता रहा है। गिरफ्तार अपराधियों ने पूछताछ में राहुल दुबे के इशारे पर कई आपराधिक घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है। गिरोह के सदस्य शिवा और विक्रम द्वारा करीब डेढ़ वर्ष पूर्व भुरकुंडा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को गोली मारने, अक्टूबर 2024 में कुज्जू में फायरिंग तथा 24 दिसंबर 2025 को एक वाहन पर फायरिंग की योजना बनाने जैसी घटनाओं का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने अपराधियों के पास से 5 देशी पिस्टल, 17 जिंदा कारतूस एवं 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस सफल कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर अमित आनंद, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव पवन कुमार, पुलिस निरीक्षक ललित कुमार सहित गिद्दी, बड़कागांव, उरीमारी ओपी के थाना प्रभारियों, तकनीकी एवं नक्सल शाखा के पदाधिकारियों तथा सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और संगठित गिरोह के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *