जनजातीय समुदाय के सशक्तिकरण और समावेशी विकास पर दिया गया जोर
गोमिया-
प्रदीप कुमार
प्रखंड कार्यालय सभागार में मंगलवार को आदि कर्मयोगी अभियान के तहत उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मास्टर ट्रेनर एवं अंचल अधिकारी अफताब आलम, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) महादेव कुमार महतो तथा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जितेंद्र ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अंचल अधिकारी अफताब आलम ने कहा कि यह अभियान भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा शुरू किया गया राष्ट्रीय मिशन है, जिसका उद्देश्य जनजातीय समुदायों के सशक्तिकरण और समावेशी विकास को बढ़ावा देना है। यह अभियान रेस्पॉन्सिव गवर्नेंस प्रोग्राम के तहत संचालित होता है, जिसमें सेवा, समर्पण और सुशासन के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में शासकीय योजनाओं का प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने बताया कि गोमिया प्रखंड के 72 आदिवासी बहुल गांवों में रहने वाले परिवारों को आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं से जोड़ना इस मिशन का लक्ष्य है। साथ ही समुदाय के बीच सहयोगी कैडर तैयार कर शिक्षा, स्वास्थ्य, जागरूकता और स्थानीय परंपराओं के संरक्षण पर बल दिया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ महादेव कुमार महतो ने कहा कि सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन विभागीय स्तर पर होता है, लेकिन आदि कर्मयोगी अभियान के माध्यम से इसे सामूहिक रूप से मूर्त रूप दिया जाएगा। वहीं, कल्याण पदाधिकारी ने प्रोजेक्टर के माध्यम से विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस अवसर पर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कनिष्ठ अभियंता रोहित मंडल, महिला सुपरवाइजर मीनू कुमारी, मुखिया तेजलाल महतो, बंटी उरांव ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में मुखिया राजेश रजवार, ममता देवी, शांति देवी, महिला सुपरवाइजर चेतना कुमारी, कंचन कुमारी, पंचायत सचिव चंदन कुमार, अजय कुमार, आशीष कुमार सिंह, विकास कुमार महतो समेत विभिन्न विभागों के कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

