बोकारो पुलिस की बड़ी सफलता : तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार, महिला से 3.87 लाख की ठगी
बोकारो पप्पू वर्मा
बोकारो पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ एक और सफलता हाथ लगी है। माराफारी थाना पुलिस ने तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान शशि शेखर, लक्ष्मण कुमार और सूरज कुमार के रूप में हुई है। इनके पास से पुलिस ने दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
मुख्यालय डीएसपी अनिमेष गुप्ता ने प्रेसवार्ता में बताया कि यह गिरोह बैंकों के ग्राहकों का एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करता था। हाल ही में इसने बालीडीह थाना क्षेत्र के मखदुमपुर निवासी निखत प्रवीण से 3 लाख 87 हजार 999 रुपये की ठगी की थी।
घटना 22 जून की है जब पीड़िता बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से निकासी करने गईं। उनका एटीएम फंस गया और बाहर चिपके एक फर्जी नंबर पर संपर्क करने पर उन्हें बांसगोड़ा एटीएम भेजा गया। वहां उनके खाते से लगातार पैसे कटने लगे। बाद में जब बैंक में जांच की गई तो पता चला कि उनके एटीएम की अदला-बदली कर ली गई थी।
डीएसपी ने बताया कि जिस खाते में ठगी का पैसा ट्रांसफर हुआ था, उसे तुरंत फ्रीज कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह झारखंड और बिहार में लगातार ऐसी घटनाओं को अंजाम देता था। फिलहाल तीनों अपराधियों को जेल भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।

