देवनद दामोदर छठ पूजा समिति की बैठक संपन्न, छठ महापर्व को भव्य बनाने की तैयारी तेज
चंदवा
चंदवा। मां उग्रतारा की ऐतिहासिक नगरी चंदवा में छठ महापर्व की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में देवनद दामोदर छठ पूजा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक मेन रोड स्थित अन्वी एजुकेशन कार्यालय में संपन्न हुई।
बैठक में इस वर्ष छठ पर्व को और अधिक भव्य व आकर्षक बनाने को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। साथ ही समिति का पुनर्गठन भी किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से मनु कुमार गुप्ता को अध्यक्ष, मुकेश कुमार सिंह को सचिव, तथा पवन वैद्य और हिमांशु सिंह को कोषाध्यक्ष के रूप में चुना गया।
कमेटी ने पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज साहू, चंदवा के उप प्रमुख अश्विनी मिश्र, तथा अन्य प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ताओं को संरक्षक मंडली में शामिल किया।
अध्यक्ष मनु कुमार गुप्ता ने बताया कि पिछले वर्ष घाट प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था और भव्य गंगा आरती जैसे कार्यों से समिति ने नई परंपरा की शुरुआत की थी। इस वर्ष भी समिति छठ व्रतियों की सुविधा के लिए अनेक नवाचार करने जा रही है।
सचिव मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि इस बार छठ व्रतियों के स्वागत में देवनद तट पर पुष्प वर्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
कोषाध्यक्ष पवन वैद्य ने बताया कि समिति शहर की अन्य पूजा समितियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर छठ को सामूहिक रूप से भव्य स्वरूप देने का प्रयास करेगी।
संरक्षक एवं उप प्रमुख अश्विनी मिश्र ने कहा कि चंदवा में छठ पर्व का आयोजन सदैव ऐतिहासिक रहा है और इस वर्ष भी समिति इसे यादगार बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।
इस बैठक में बड़ी संख्या में समिति सदस्य, संरक्षक और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

