बरही-
बरही प्रखंड के केदारुत पंचायत के होनहार युवक शुभम कुमार ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षा में 215वां रैंक प्राप्त कर गांव, पंचायत और पूरे बरही विधानसभा क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर विनोद प्रगतिशील फाउंडेशन की ओर से उन्हें सम्मानित कर भव्य स्वागत किया गया। फाउंडेशन के अध्यक्ष मंजीत यादव ने कहा कि शुभम की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि गांव के कई युवाओं ने सरकारी सेवाओं में जाकर क्षेत्र का नाम ऊँचा किया है। इनमें शुभम के पिता शंकर यादव, जिन्होंने सबसे पहले प्रशासनिक विभाग में नौकरी हासिल की, चाचा मनोज यादव (शिक्षक), खुशबू कुमारी (एसआई, झारखंड पुलिस), विकास यादव (आर्मी), दीपक यादव (आर्मी), पंकज यादव (आर्मी), संतोष यादव (झारखंड पुलिस), सुधीर यादव (आर्मी), संदीप यादव (झारखंड पुलिस), गुड़िया कुमारी, सोनू यादव (बीएसएफ) और आशीष यादव (होमगार्ड) जैसे नाम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और सरकारी विद्यालयों से पढ़ाई करने के बावजूद इन युवाओं ने कड़ी मेहनत व लगन से समाज, राज्य और देश का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धियां आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी हैं। इस मौके पर फाउंडेशन ने युवाओं से अपील की कि वे अपनी मेहनत और संघर्ष पर विश्वास करें और शिक्षा के बल पर गांव व समाज का मान-सम्मान बढ़ाएं। सम्मान समारोह में फाउंडेशन अध्यक्ष मंजीत यादव के साथ देवचंद यादव, दिलीप यादव, धर्मेंद्र यादव, टिंकू यादव, मनीष यादव, सकलदेव यादव समेत कई लोग उपस्थित रहे। सभी ने शुभम कुमार के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनकी सफलता गांव के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।