सांसद मनीष जायसवाल ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर हजारीबाग में रिम्स-2 की स्थापना का किया मांग
हजारीबाग
हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने झारखंड के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर हजारीबाग में प्रस्तावित रिम्स-2 (RIMS-2) की स्थापना की मांग की है। सांसद ने इसे राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया है।
सांसद जायसवाल ने पत्र में लिखा कि वर्तमान में रांची स्थित रिम्स पर अत्यधिक मरीजों का बोझ है। हजारीबाग एवं आसपास के जिलों के अलावा बिहार के सीमावर्ती इलाकों से भी मरीज रांची पहुंचते हैं, जिससे समय पर इलाज नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि हजारीबाग भौगोलिक दृष्टि से राज्य के उत्तर और उत्तर-पूर्वी हिस्सों के लिए उपयुक्त स्थान है।
हजारीबाग में रिम्स-2 स्थापित करने के पक्ष में सांसद ने तीन प्रमुख कारण गिनाए –
1. हजारीबाग राष्ट्रीय राजमार्ग NH-2 और NH-33 सहित कई महत्वपूर्ण सड़कों से जुड़ा है, जिससे बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध है।
2. जिले में पर्याप्त मात्रा में सरकारी भूमि (जीएम लैंड) उपलब्ध है, जिससे परियोजनाओं को शीघ्र गति मिल सकती है।
3. हजारीबाग का भौगोलिक स्थान ऐसा है कि यहां से मरीजों के परिवहन में कोई कठिनाई नहीं होगी।
सांसद ने कहा कि रिम्स-2 की स्थापना न केवल हजारीबाग के लिए बल्कि पूरे उत्तर और उत्तर-पूर्वी झारखंड की जनता के लिए वरदान साबित होगी। इससे लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और रांची स्थित रिम्स पर बोझ भी कम होगा।
अंत में सांसद मनीष जायसवाल ने मुख्यमंत्री से इस विषय को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाने से राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व सुधार होगा।