सड़क हादसे में बाप-बेटे की मौत, परिजन ने ओएनजीसी के गेट पर शव रखकर किया प्रदर्शन,
मुआवजे की मांग को लेकर चास-तलगड़िया पथ पर जाम
पप्पू वर्मा बोकारो
बनगड़िया ओपी क्षेत्र के पर्वतपुर सिंह टोला में एक भीषण सड़क दुर्घटना में पिता कैलाश प्रसाद सिंह (59) और उनके पुत्र कृष्णा सिंह उर्फ मनु (24) की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मृतक उस समय एक शादी समारोह में शामिल होने पर्वतपुर माजीटोला जा रहे थे, तभी लक्ष्या पावर टेक कंपनी की गाड़ी संख्या जेएच 10 बीजी/5887 की टक्कर से वह मौके पर ही काल के गाल में समा गए।परिजन व ग्रामीणों ने घटना के बाद आरोप लगाया कि यह वाहन ओएनजीसी के अधीन संचालित है, जिसने बचाव के प्रयास के बजाय मौके से भागने का प्रयास किया। हालांकि बाद में वाहन को पकड़ लिया गया।हत्या की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। दोनों मृतकों के निधन से इलाके में तनाव व्याप्त हो गया।
गुस्साए स्वजनों ने सोमवार सुबह दोनों मृतकों के शवों को ओएनजीसी के जीसीएस प्लांट गेट पर रखकर मुआवजे की मांग शुरू की तथा चास-तलगड़िया मार्ग जाम कर दिया, जिस कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया।इसी बीच पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रण में लाने का प्रयास कर रहे हैं। बनगड़िया ओपी पुलिस, थाना चंदनकियारी, सियालजोरी, आमलाबाद ओपी की टीमों ने घटना स्थल का दौरा किया। सीओ रवि कुमार आनंद की उपस्थिति में ओएनजीसी और लक्ष्या पावर टेक के पदाधिकारी तथा मृतकों के परिजनों के बीच वार्ता भी हुई, लेकिन मुआवजे के मुद्दे पर कोई सहमति नहीं बन सकी।स्थानीय ग्रामीण एवं परिजन मुआवजे के साथ-साथ आरोपी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है और स्थिति को संभालने का प्रयास जारी है।

