Ad image

देवघर में पंचायत सहायक की कैंसर से मौत, सरकार के रवैये पर प्रदेश अध्यक्ष मिथुन कुमार यादव ने जताई नाराजगी

jharkhandnews024@gmail.com
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now

देवघर में पंचायत सहायक की कैंसर से मौत, सरकार के रवैये पर प्रदेश अध्यक्ष मिथुन कुमार यादव ने जताई नाराजगी

देवघर

देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत पुनासी पंचायत में कार्यरत पंचायत सहायक रामस्वरूप राय पिता नवीनचंद्र राय का कैंसर से पीड़ित रहने के बाद निधन हो गया। वे ग्राम मँझियाना, पंचायत पुनासी के निवासी थे। उनके निधन से पंचायत सहायक संघ सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक अपने पीछे पत्नी पूनम कुमारी सहित परिजनों को छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। इस दुखद घटना को लेकर प्रदेश अध्यक्ष मिथुन कुमार यादव ने झारखंड सरकार के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य कई संघर्षों के बाद बना है और यह गुरुजी शिबू सोरेन और भगवान बिरसा मुंडा की पावन धरती है, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज इसी राज्य में पंचायत सहायकों को उनका हक नहीं मिल पा रहा है। मिथुन कुमार यादव ने कहा कि पंचायत सहायकों द्वारा 253 दिनों तक लंबा आंदोलन किए जाने के बावजूद आज तक उन्हें नियमित और सम्मानजनक मानदेय नहीं दिया गया।

- Advertisement -

न ही सरकार द्वारा कोई ठोस नीति बनाकर पंचायत सहायकों के भविष्य को सुरक्षित किया गया है। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी से जूझ रहे पंचायत सहायक रामस्वरूप राय को न तो आर्थिक सहायता मिली और न ही इलाज के लिए कोई विशेष सहयोग दिया गया, जिसके कारण परिवार को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत सहायकों के निधन के बाद उनके आश्रितों को किसी प्रकार का लाभ, बीमा या मुआवजा नहीं दिया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। पंचायत सहायकों की वर्षों से मांग रही है कि उन्हें जीवन बीमा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक मृत्यु पर मुआवजा तथा उचित मानदेय दिया जाए, ताकि वे और उनका परिवार सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सकें। प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से मांग की कि मृतक पंचायत सहायक रामस्वरूप राय के आश्रितों को तत्काल आर्थिक सहायता दी जाए तथा पंचायत सहायकों के लिए स्थायी नीति बनाकर उन्हें उचित मानदेय और सामाजिक सुरक्षा का लाभ प्रदान किया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पंचायत सहायकों की जायज मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो राज्यभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर पंचायत सहायकों की दयनीय स्थिति और सरकार की उदासीनता को उजागर कर दिया है। पंचायत सहायकों एवं स्थानीय लोगों ने भी सरकार से संवेदनशीलता दिखाने और जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है। शोक व्यक्त करने वालों में पूर्व प्रदेश सचिव धनंजय कुमार, हेमंत पाण्डेय, बलदेव करमाली, संतोष कुमार, अजीत चौधरी, संजय कुमार, नरेश रामजाने, कुंदन कुमार, रोहित कुमार दस, अकबर खान, गौतम झा, बजरंगी केशरी, परमेश्वर प्रसाद, सुधीर मेहता, नवीन सिंह सहित अन्य शामिल रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *