झारखंड बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर एसोसिएशन की वार्षिक बैठक सह चुनाव संपन्न, आदर्श लक्ष्य उर्फ भईया जी बने अध्यक्ष
झारखंड न्यूज़ 24
देवघर:
देवघर स्थित एक निजी होटल के सभागार में मंगलवार को झारखंड बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर एसोसिएशन की वार्षिक आम बैठक सह चुनाव का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में झारखंड के विभिन्न जिलों से पहुंचे सैकड़ों बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर, व्यवसायी एवं संगठन के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक का उद्देश्य संगठन की वार्षिक गतिविधियों की समीक्षा, भविष्य की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श तथा नई कार्यकारिणी का गठन करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं स्वागत संबोधन के साथ हुई, जिसके बाद विगत वर्ष के कार्यों, उपलब्धियों और संगठन की गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान सदस्यों ने बिल्डिंग मटेरियल व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं, सरकारी नीतियों, परिवहन व्यवस्था, टैक्स प्रणाली तथा बाजार में आ रही चुनौतियों पर गंभीर चर्चा की और संगठन को और अधिक संगठित व सशक्त बनाने पर बल दिया।
इसके पश्चात चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई, जिसमें सभी पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया। सर्वसहमति से आदर्श लक्ष्य उर्फ भईया जी को झारखंड बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया। वहीं रामदेव यादव (रामगढ़) एवं नरेंद्र सिंह (जामताड़ा) को उपाध्यक्ष, जबकि दीपक कुमार सिंह (चितरा) को महासचिव निर्वाचित किया गया।
सचिव पद पर अनिल यादव, भास्कर सिंह (रांची), बृह भूषण मंडल (खूंटी), अमृत सिंह एवं भूपेन राय (गढ़वा) को जिम्मेदारी सौंपी गई। सह सचिव के रूप में अनिल झा, रविकांत झा, गुलशन कुमार उर्फ आनंद एवं अभिनाश यादव को चुना गया।
संयुक्त कोषाध्यक्ष पद पर जितेश गोयल (पलामू) एवं अमृतेश अग्रवाल (धनबाद) को नियुक्त किया गया, जबकि संयुक्त सचिव के रूप में बिक्रम राउत, सुनील सिंह, संजय कुमार वर्मा (कोडरमा) एवं संतोष गुप्ता का चयन किया गया।
इसके अलावा कार्यसमिति सदस्य के रूप में प्रदीप मोदी, हरेंद्र नाथ बरनवाल (बोकारो), मुन्ना सराफ (गिरिडीह) एवं बिपुल राय को भी सर्वसम्मति से चुना गया।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य उर्फ भईया जी ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन को और अधिक पारदर्शी, मजबूत एवं संगठित बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि राज्यभर के बिल्डिंग मटेरियल सप्लायरों की समस्याओं को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा और व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए संगठन निरंतर सक्रिय रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को माला पहनाकर बधाई दी गई तथा संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।

