बीएलए नियुक्ति को लेकर आजसू पार्टी ने विधानसभा-वार प्रभारियों की घोषणा
झारखंड न्यूज़ 24
देवघर
उमेश चन्द्र मिश्रा
आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड के सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति को लेकर विधानसभा-वार प्रभारियों की सूची जारी की है। इस पहल का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त करना, मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना तथा आगामी चुनावों की तैयारियों को मजबूती प्रदान करना है।
जारी सूची के अनुसार आजसू पार्टी के देवघर जिला अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य को अतिरिक्त प्रभार सौंपते हुए मधुपुर विधानसभा का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं पार्टी के केंद्रीय सचिव राजा साहनी को देवघर विधानसभा प्रभारी तथा अरुण कुमार महतो को सारठ विधानसभा प्रभारी बनाया गया है। पार्टी नेतृत्व ने इन नियुक्तियों के माध्यम से देवघर जिला अंतर्गत संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने का संदेश दिया है।
इस संबंध में जारी आदेश की प्रति मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड को भी भेज दी गई है। आदेश के तहत अब सभी नामित विधानसभा प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक बूथ पर अपने हस्ताक्षर से बूथ लेवल एजेंटों की नियुक्ति कर सकेंगे। बीएलए मतदाता सूची के सत्यापन, संशोधन एवं अद्यतन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में अहम भूमिका निभाएंगे।
इधर नगर निकाय चुनाव एवं आगामी पंचायत चुनाव को ध्यान में रखते हुए सभी नामित विधानसभा प्रभारियों ने बीएलए नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। संगठन स्तर पर बैठकों का दौर तेज हो गया है और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।
इस अवसर पर देवघर जिला अध्यक्ष सह मधुपुर विधानसभा प्रभारी आदर्श लक्ष्य ने कहा कि आजसू पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने पंचायत एवं वार्ड क्षेत्रों में प्रत्येक बूथ के लिए कर्मठ, ईमानदार एवं संगठननिष्ठ लोगों की पहचान कर शीघ्र आवेदन प्रस्तुत कराएं, ताकि समयबद्ध तरीके से बूथ लेवल एजेंटों की नियुक्ति सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि सशक्त बीएलए टीम के माध्यम से मतदाता सूची से जुड़ी हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी और आगामी नगर निकाय व पंचायत चुनाव में आजसू पार्टी पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच उतरेगी।

