मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बाबा बासुकीनाथ धाम में की सपरिवार पूजा-अर्चना
बासुकीनाथ/दुमका (झारखंड),
अक्षय कुमार मिश्रा
बासुकीनाथ / भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार आज सुबह बाबा बासुकीनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार सहित विधि-विधान से बाबा फौजदारी नाथ की पूजा-अर्चना की। मंदिर में उनकी सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखा गया था और कड़ी सुरक्षा के बीच पूजा संपन्न कराई गई।
पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा, “सौभाग्य की बात है कि भोलेनाथ के बुलावे पर हम बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ धाम में सपरिवार अच्छी तरह से पूजा-अर्चना कर पाए। हमने भोलेनाथ से प्रार्थना की कि दुमका, झारखंड सहित पूरे देशवासियों का वर्तमान एवं भविष्य उज्ज्वल हो।”
ज्ञानेश कुमार ने आगे बताया कि वे वापस देवघर के तपोवन स्थित प्लस टू स्कूल जाएंगे, जहां बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) से सीधा संवाद करेंगे। साथ ही, झारखंड में होने वाली स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा करेंगे। इस दौरान घर-घर सत्यापन, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने जैसे मुद्दों की समीक्षा की जाएगी।
इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त वन विभाग के विश्रामगृह में कुछ देर विश्राम किया, जहां दुमका जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। मौके पर झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार एवं दुमका उपायुक्त अभिजीत सिन्हा सहित दुमका और देवघर जिला प्रशासन की पूरी टीम उपस्थित रही।
ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय झारखंड दौरे पर हैं, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची की समीक्षा और चुनावी तैयारियों का जायजा लेना है।

