कड़ाके की ठंड में राहत की चादर, हजारीबाग यूथ विंग की बड़ी पहल वार्ड संख्या-4 में 100 जरूरतमंदों को कंबल वितरण
लगातार जारी सेवा अभियान, अब तक 200 कंबल वितरित, 2000 कंबल वितरण का संकल्प
प्रचंड ठंड में जरूरतमंदों की सेवा करना हमारा सामाजिक दायित्व है। हजारीबाग यूथ विंग यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी असहाय ठंड से पीड़ित न रहे : चंद्र प्रकाश जैन
हजारीबाग यूथ विंग की सेवा और संवेदनशीलता ही पहचान है, शीतकालीन राहत अभियान निरंतर जारी रहेगा : करण जायसवाल
हजारीबाग
शीतकालीन राहत अभियान के तहत हजारीबाग यूथ विंग द्वारा रविवार को वार्ड संख्या-4 अंतर्गत मंडई खुर्द में जरूरतमंद,असहाय एवं वृद्धजनों के बीच कंबल का वितरण किया गया। संस्था के साप्ताहिक सेवा अभियान के अंतर्गत इस सप्ताह 100 कंबलों का वितरण किया गया, जिससे ठंड से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली। यह अभियान बीते रविवार से प्रारंभ किया गया है। अब तक शहर के दो वार्डों में कुल 200 कंबल जरूरतमंदों तक पहुंचाए जा चुके हैं। कार्यक्रम से पूर्व सभी लाभार्थियों के बीच कूपन का वितरण किया गया था और उसी के आधार पर क्रमबद्ध व व्यवस्थित तरीके से सभी को कंबल उपलब्ध कराया गया, जिससे वितरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सुचारु रही। हजारीबाग यूथ विंग समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा,संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ निभा रही है। संस्था द्वारा वर्ष 2024 में 1200 कंबलों का वितरण किया गया था, जबकि वर्ष 2025 में 2000 कंबल वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल के द्वारा प्रभारी के रूप में लब्बू गुप्ता एवं दीपू यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिनके समन्वय से आगामी रविवार से विभिन्न वार्डों में लगातार कंबल वितरण किया जाएगा।
संस्था के संरक्षक चंद्रप्रकाश जैन ने कहा कि प्रचंड ठंड के इस मौसम में जरूरतमंदों की सहायता करना हजारीबाग यूथ विंग का सामाजिक दायित्व है। हमारा प्रयास है कि कोई भी गरीब और असहाय व्यक्ति ठंड से परेशान न रहे। इसी भावना के साथ यह राहत अभियान पूरे शीतकाल तक जारी रहेगा। संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग सेवा और मानवता के मूल्यों को सर्वोपरि मानते हुए लगातार सामाजिक कार्य कर रही है। आने वाले दिनों में शहर के सभी वार्डों तथा ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर जरूरतमंदों तक कंबल पहुंचाया जाएगा और इस अभियान को और भी व्यापक रूप दिया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन सचिव रितेश खण्डेलवाल, सहसचिव अभिषेक पांडे, उपाध्यक्ष विकास तिवारी, कोषाध्यक्ष गुंजन मद्धेशिया, संस्था के मार्गदर्शक संजय कुमार, डॉक्टर बी वेंकटेश, कार्यकारिणी सदस्य सत्यनारायण सिंह सहित कई लोग मौजूद रहें।

