झारखंड स्थापना दिवस पर बरही में निकाली गई भव्य साइकिल रैली
प्रखण्ड मैदान से शुरू हुई रैली, बीडीओ जयपाल महतो के नेतृत्व में हुआ आयोजन
बरही
झारखंड स्थापना दिवस के 25 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को बरही प्रखंड मुख्यालय में भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह रैली प्रखंड कार्यालय की ओर से आयोजित की गई, जो प्रखंड मैदान से निकली और चौक होकर जवाहर घाट पहुंचे। जवाहर घाट से वापस प्रखण्ड मैदान पहुंचकर साइकिल रैली का समापन हुआ। रैली का नेतृत्व बरही बीडीओ जयपाल महतो ने किया। इस अवसर पर बरही एसडीपीओ अजित कुमार बिमल, प्रमुख मनोज रजक, विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, सीओ चंद्रशेखर कुणाल, जीप प्रतिनिधि गुरुदेव गुप्ता, पु.नि. सह थाना प्रभारी बिनोद कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर चंद्रशेखर कुमार, धनवार मुखिया राजेन्द्र प्रसाद, बरसोत मुखिया मोतीलाल चौधरी, करसो मुखिया प्रतिनिधि मुकेश राम सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। रैली के दौरान पूरे मार्ग में झारखंड जय जवान जय किसान और स्वच्छ झारखंड, समृद्ध झारखंड के नारे गूंजते रहे।एसडीपीओ अजित कुमार बिमल ने कहा कि झारखंड की असली ताकत यहां के युवा हैं।
इस साइकिल रैली का उद्देश्य युवाओं में जोश, ऊर्जा और एकता का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि रैली के माध्यम से हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि झारखंड को स्वच्छ, समृद्ध और नशामुक्त बनाएंगे। रैली के आयोजक बीडीओ जयपाल महतो ने कहा कि साइकिल रैली न केवल उत्सव का प्रतीक है, बल्कि यह आत्मनिर्भरता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देती है। उन्होंने कहा कि आज की यह रैली झारखंड की एकजुटता और विकास के संकल्प का प्रतीक है। सीओ चंद्रशेखर कुणाल ने कहा कि झारखंड के विकास में जनसहभागिता अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच संवाद और सहयोग ही राज्य को प्रगति के पथ पर अग्रसर करेगा। प्रमुख मनोज रजक ने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस आत्मगौरव और आत्ममंथन का अवसर है। उन्होंने कहा कि राज्य के शहीदों और आंदोलनकारियों के सपनों को साकार करना हम सबकी जिम्मेदारी है। विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर ने कहा कि झारखंड ने 25 वर्षों में विकास की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में और अधिक सुधार के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।कार्यक्रम में प्रधान लिपिक गोपाल राम, इम्तियाज अंसारी, बीपीओ परवेज आलम, प्रशांत कुमार, मोहन मिर्धा, चालक वासिद हुसैन, अताउल मुस्तफा, राजू कुमार, भरत कुमार, शिक्षक अजय प्रजापति समेत कई विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राएं भी मौजूद थे, जिन्होंने साइकिल रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

