बरही गया रोड ओवर ब्रिज के समीप बड़ा सड़क हादसा टला, महारानी बस दुर्घटनाग्रस्त, यात्री सुरक्षित
बरही
गया रोड ओवर ब्रिज के समीप रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बिहार से रांची की ओर जा रही महारानी बस और एक ट्रेलर में टक्कर हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार ओवरब्रिज में समीप दो गाड़ियों की आपस में टक्कर हो गई थी, इसी दौरान बिहार की ओर से आ रही महारानी बस अचानक असंतुलित हो गई और सामने से आ रहे ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। इस हादसे में बस के खलासी को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।दुर्घटनाग्रस्त बस का नंबर बीआर 02 सीपी 4951 बताया गया है। हादसे के समय बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे, जो बिहार से रांची की यात्रा कर रहे थे। टक्कर के बाद यात्रियों में घबराहट फैल गई, लेकिन स्थानीय लोगों और राहगीरों की तत्परता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरही गया रोड ओवर ब्रिज के समीप सड़क की हालत अत्यंत खराब है। जगह-जगह गड्ढे और उबड़-खाबड़ सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

