आंगनबाड़ी केन्द्रों में विद्युतीकरण, पेयजल, शौचालय एवं वर्षा जल संचयन व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु समीक्षात्मक बैठक सम्पन्न
हजारीबाग
उप विकास आयुक्त इश्तियाक अहमद की अध्यक्षता में आंगनबाड़ी केन्द्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनबाड़ी केन्द्रों के विद्युतीकरण, पेयजल व्यवस्था, शौचालय निर्माण तथा वर्षा जल संचयन व्यवस्था की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई। उप विकास आयुक्त ने आंगनबाड़ी केन्द्रों में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल हजारीबाग एवं बरही को शेष 129 केन्द्रों में लंबित विद्युतीकरण कार्य की अद्यतन प्रगति शुक्रवार तक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
पेयजल, शौचालय एवं वर्षा जल संचयन व्यवस्था
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा प्रस्तुत प्रगति की समीक्षा करते हुए 444 आंगनबाड़ी केन्द्रों में पेयजल की व्यवस्था का कार्य,180 केन्द्रों में शौचालय निर्माण,400 केन्द्रों में वर्षा जल संचयन व्यवस्था संरचना की स्थापना। उप विकास आयुक्त ने कार्यपालक अभियंता को सभी लंबित कार्यों को एक पक्ष के अंदर पूर्ण कर प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल हजारीबाग एवं बरही, सहायक अभियंता, महिला पर्यवेक्षिकाएँ तथा समाज कल्याण विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित थे।

