Ad image

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर हजारीबाग में भक्ति, उल्लास और एकता का अद्भुत नजारा

jharkhandnews024@gmail.com
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर हजारीबाग में भक्ति, उल्लास और एकता का अद्भुत नजारा

प्रभात फेरी में गूंजे सत श्री अकाल के जयकारे

हजारीबाग

सिख समुदाय के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर पूरे हजारीबाग शहर में श्रद्धा, उल्लास और भाईचारे का अद्भुत वातावरण देखने को मिल रहा है। भक्ति, प्रेम और एकता की भावना चरम पर है। मुख्य आयोजन से पूर्व लगातार पांचवें दिन भी प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चे श्रद्धाभाव से शामिल हुए। प्रभात फेरी की शुरुआत स्थानीय गुरुद्वारे से हुई, जो गुरु गोविंद सिंह रोड, पैगोडा चौक, इंद्रपुरी चौक, कचहरी रोड, जैन पेट्रोल पंप होते हुए पुनः गुरुद्वारे में जाकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने जो बोले सो निहाल… सत श्री अकाल के गगनभेदी जयकारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। संगत द्वारा पूरे रास्ते गुरुवाणी का मधुर कीर्तन किया गया, वहीं कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने लंगर सेवा के माध्यम से प्रसाद वितरित कर सेवा भावना का परिचय दिया। पूरा क्षेत्र भक्ति, सेवा और एकता की भावना से सराबोर रहा।

- Advertisement -

इसी बीच प्रकाश पर्व के मुख्य आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। गुरुद्वारा परिसर को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है रंग-बिरंगी झालरों, दीयों और पुष्प सजावट से पूरा परिसर जगमगा उठा है।गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के अध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष भी विशेष दीवान, गुरबाणी पाठ, कथा-कीर्तन और सामूहिक लंगर का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की खासियत यह है कि इसमें केवल सिख समुदाय ही नहीं, बल्कि अन्य धर्मों के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल होकर आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश दे रहे हैं।इस श्रद्धा और सेवा के माहौल ने पूरे शहर को गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं निस्वार्थ सेवा, समानता और मानवता के मार्ग पर प्रेरित कर दिया है। इसकी जानकारी मीडिया प्रभारी रोहित बजाज ने दी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *