नगर निगम चुनाव में भाजपा के इच्छुक दावेदार को संगठन के निर्णय का इंतजार करना चाहिए : टोनी जैन
हजारीबाग
हजारीबाग नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। चुनावी प्रक्रिया के तहत नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू होते ही संभावित प्रत्याशियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 जनवरी तक महापौर पद के लिए कुल 08 नामांकन पत्रों की बिक्री की गई है, जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए अब तक 175 नामांकन पत्र बिक चुके हैं। इससे यह साफ जाहिर होता है कि इस बार नगर निगम चुनाव में मुकाबला कड़ा रहने वाला है। नामांकन पत्रों की बिक्री के आंकड़े यह संकेत दे रहे हैं कि विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ-साथ निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं।
इधर, भारतीय जनता पार्टी के भीतर भी महापौर पद को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता टोनी जैन ने पार्टी के कुछ नेताओं द्वारा नामांकन पत्र खरीदे जाने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारतीय जनता पार्टी में अभी तक महापौर पद के लिए पार्टी नेताओं द्वारा नामांकन पत्र खरीदना उचित नहीं कहा जा सकता। टोनी जैन ने कहा कि पार्टी एक अनुशासित संगठन है और चुनाव से संबंधित किसी भी निर्णय से पहले संगठनात्मक प्रक्रिया का पालन जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले सभी इच्छुक दावेदार अपनी बात पार्टी के मंच पर रखें, संगठन के समक्ष अपना पक्ष रखें और पार्टी द्वारा तय की गई प्रक्रिया के अनुसार ही आगे की कार्रवाई होनी चाहिए।

