केंद्रीय बजट पर कांग्रेस नेता दीपक गुप्ता का हमला, बजट को बताया आम आदमी का दुश्मन
बरही
कांग्रेस के पूर्व जिला ओबीसी अध्यक्ष दीपक गुप्ता ने केंद्रीय बजट 2026-27 पर कड़ा प्रहार करते हुए इसे आम आदमी के हितों के खिलाफ करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट देश के गरीबों, मध्यम वर्ग, छात्रों और बेरोजगार युवाओं के साथ सीधा धोखा है। दीपक गुप्ता ने बयान जारी कर कहा कि बजट में आम जनता के लिए एक भी सार्थक और राहत देने वाला कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने इस बजट के माध्यम से केवल कॉरपोरेट घरानों और अमीर वर्ग को फायदा पहुंचाया है, जबकि आम लोग पूरी तरह उपेक्षित रह गए हैं। उन्होंने कहा कि आज देश का छात्र वर्ग हताश और निराश है।
शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नाम पर केवल खोखली घोषणाएं की गई हैं। बेरोजगारी की मार झेल रहे युवा सड़कों पर भटकने को मजबूर हैं, लेकिन बजट में उनकी पीड़ा को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया है।।कांग्रेस नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार विकसित भारत का सपना दिखाकर वास्तविक समस्याओं से मुंह मोड़ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस बजट के खिलाफ संसद से लेकर सड़क तक जोरदार संघर्ष करेगी। दीपक गुप्ता ने सरकार से मांग की कि वह रोजगार गारंटी, छात्रों के लिए मोटी छात्रवृत्ति, तथा बेरोजगारी भत्ता जैसी ठोस और प्रभावी योजनाएं तुरंत लागू करे, ताकि आम जनता और युवाओं को वास्तविक राहत मिल सके।

