Ad image

बरही में कांग्रेस की बैठक, मनरेगा के नाम परिवर्तन के खिलाफ 5 फरवरी को धरना, 26 जनवरी को पंचायत स्तर पर चौपाल

jharkhandnews024@gmail.com
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now

बरही में कांग्रेस की बैठक, मनरेगा के नाम परिवर्तन के खिलाफ 5 फरवरी को धरना, 26 जनवरी को पंचायत स्तर पर चौपाल

बरही

आज दिनांक 22 जनवरी 2026 को बरही पश्चिमी पंचायत भवन में कांग्रेस कमेटी बरही की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता बरही प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष अब्दुल मन्नान वारसी ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष डॉ. निजामुद्दीन अंसारी उपस्थित थे। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी तथा प्रदेश एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देशानुसार केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना का नाम बदलकर विकसित भारत रोजगार योजना किए जाने के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज किया गया। इस दौरान निर्णय लिया गया कि 5 फरवरी 2026 को बरही प्रखंड कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष डॉ. निजामुद्दीन अंसारी ने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई मनरेगा योजना से महात्मा गांधी का नाम हटाकर केंद्र की मोदी सरकार ने “विकसित भारत रोजगार योजना” लागू की है, जिसमें राज्य सरकार को 40 प्रतिशत खर्च वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि झारखंड जैसे गरीब राज्य पर यह अतिरिक्त आर्थिक बोझ है। यदि राज्य सरकार 40 प्रतिशत राशि देने में असमर्थ रहती है तो यह योजना राज्य में लागू ही नहीं हो पाएगी।

- Advertisement -

उन्होंने बताया कि पूर्व में मनरेगा योजना में 90 प्रतिशत हिस्सा केंद्र सरकार और मात्र 10 प्रतिशत राज्य सरकार का होता था तथा योजनाओं का चयन ग्रामीण आम सभा के माध्यम से किया जाता था। लेकिन नई योजना में केंद्र सरकार ने योजनाओं के स्थल चयन का अधिकार अपने पास रख लिया है, जो मजदूरों के अधिकारों के खिलाफ और संविधान की मूल भावना के विपरीत है। बैठक में इसे मजदूर विरोधी कानून बताते हुए इसके विरोध का संकल्प लिया गया। इसके साथ ही निर्णय लिया गया कि 26 जनवरी 2026 को बरही प्रखंड के सभी 20 पंचायतों में केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा को हटाकर लाए गए मजदूर विरोधी कानून के खिलाफ जनता के बीच चौपाल लगाई जाएगी। इसके लिए प्रत्येक पंचायत में कांग्रेस के पदाधिकारियों को प्रभारी नियुक्त किया गया है, जो पंचायत अध्यक्षों के साथ मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाएंगे। सभी पंचायत अध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि वे पंचायत प्रभारी से समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम का आयोजन करें तथा इसकी फोटोग्राफी प्रखंड कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

बैठक में एक स्वर से बरही में लगभग ढाई वर्ष की बच्ची के साथ हुए दुराचार की घटना की घोर निंदा की गई। दोषी व्यक्ति को फांसी की सजा देने की मांग की गई तथा प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने की अपील की गई। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग जिला प्रशासन से की गई।। बैठक में जिला उपाध्यक्ष डॉ. निजामुद्दीन अंसारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता तोखन रविदास, बरही प्रखंड पूर्व 20 सूत्री अध्यक्ष, इकबाल रजा, पूर्व विधायक प्रतिनिधि सुनील कुमार साहू, जितेंद्र गिरी, रिजवान अली, मनोज रविदास, बबलू साहू, बरही पश्चिम मंडल अध्यक्ष, बरही पूर्वी मंडल अध्यक्ष, पंचायत समिति सदस्य मोहम्मद तैयब अंसारी, विधानसभा उपाध्यक्ष फिरदौस खान, बरही प्रखंड उपाध्यक्ष मोहम्मद तौकीर राजा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के प्रखंड, मंडल एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *