अलौंजा मध्य विद्यालय को उच्च विद्यालय बनाने की मांग तेज
स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच ने शिक्षा मंत्री को सौंपा ज्ञापन, छात्रों की पढ़ाई बचाने की अपील
हजारीबाग
झारखंड स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच के केंद्रीय अध्यक्ष बटेश्वर प्रसाद मेहता ने अलौंजा मध्य विद्यालय को उच्च विद्यालय में उन्नयन करने की मांग को लेकर राज्य के शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि ग्राम अलौंजा, प्रखंड इचाक में स्थित यह विद्यालय क्षेत्र का एकमात्र शैक्षणिक संस्थान है, जो फिलहाल केवल मध्य स्तर तक ही संचालित है। बटेश्वर मेहता ने बताया कि विद्यालय से लगभग 10 किलोमीटर के दायरे में कोई भी उच्च विद्यालय नहीं है।
इस कारण यहां के छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए दूर जाना पड़ता है, जिससे कई छात्र आर्थिक और सामाजिक कारणों से शिक्षा बीच में ही छोड़ देते हैं। उन्होंने कहा कि अलौंजा मध्य विद्यालय का शैक्षणिक इतिहास गौरवपूर्ण रहा है। यहां से पढ़े कई छात्र आज राज्य और देश के महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं। मंच ने सरकार से मांग की है कि विद्यालय को शीघ्र उच्च विद्यालय में उन्नत किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिल सके।

