बरही व चौपारण के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल टॉवर स्थापना की मांग
विधायक मनोज यादव ने रिलायंस जियो प्रबंधक को सौंपा पत्र, नेटवर्क समस्या से अवगत कराया
संवाददाता : बरही
बरही विधायक मनोज यादव ने हजारीबाग जिला अंतर्गत बरही एवं चौपारण प्रखंड के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की गंभीर समस्या को लेकर रिलायंस जियो कंपनी के प्रबंधक, हजारीबाग को एक पत्र सौंपा है। पत्र के माध्यम से उन्होंने बरही प्रखंड के पंचायत भंडारो अंतर्गत ग्राम तेतरिया भंडारो, रानीचुआं पंचायत के ग्राम चलंगा तथा चौपारण प्रखंड के दादपुर पंचायत अंतर्गत ग्राम नेवरी करमा में मोबाइल टॉवर की स्थापना कराने का अनुरोध किया है।
विधायक मनोज यादव ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि उक्त सभी गांव अत्यंत सुदूर और वनाच्छादित क्षेत्रों में स्थित हैं। इन गांवों से नजदीकी मोबाइल टॉवर की दूरी लगभग 3 से 4 किलोमीटर है। क्षेत्र जंगली एवं पहाड़ी होने के कारण वर्तमान में उपलब्ध मोबाइल नेटवर्क सुचारू रूप से कार्य नहीं कर पा रहा है। इसके चलते ग्रामीणों को संचार व्यवस्था में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कमजोर नेटवर्क के कारण ग्रामीणों को आपातकालीन सेवाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, सरकारी योजनाओं की जानकारी, ऑनलाइन कार्यों तथा दैनिक संचार में परेशानी होती है।
विशेषकर छात्रों, किसानों एवं मजदूरों को मोबाइल नेटवर्क की अनुपलब्धता से काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। विधायक ने कंपनी प्रबंधन से आग्रह किया है कि ग्रामीणों की समस्याओं और क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए ग्राम तेतरिया भंडारो, चलंगा एवं नेवरी करमा में मोबाइल टॉवर की शीघ्र स्थापना हेतु आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि टॉवर की स्थापना से इन गांवों के लोगों को बेहतर संचार सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी। मौके पर मनोज कुमार, प्रबंधक रिलायंस जिओ, हज़ारीबाग, मनीष पाण्डेय, रिलायंस जिओ, संजीव कुमार, क्षेत्रीय पदाधिकारी रिलायंस जिओ हज़ारीबाग मौजूद थे।

