शिलापट्ट पर जिला परिषद सदस्या का नाम नहीं रहने पर जताई नाराजगी
संवाददाता : बरही
बरही प्रखंड क्षेत्र के अंतर्गत मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत खोड़ाहर पंचायत के दौरवा बासुदेव के दुकान से जगदीश उरांव के घर तक लगभग 1.650 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ। ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल हजारीबाग द्वारा संचालित इस परियोजना का शिलान्यास रविवार को किया गया।कार्यक्रम स्थल पर लगे शिलापट्ट पर जिला परिषद सदस्य का नाम नहीं अंकित होने को लेकर स्थानीय जिला परिषद सदस्य मंजू देवी एवं उनके प्रतिनिधि गणेश यादव ने नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि जिला परिषद सदस्य विकास योजनाओं के महत्वपूर्ण घटक होते हैं और उनके योगदान को नज़रअंदाज़ करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि जब किसी क्षेत्र में विकास कार्य कराया जाता है, तो स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका भी उतनी ही अहम होती है, जितनी उच्च स्तर के जनप्रतिनिधियों की। ऐसे में उनका नाम शिलापट्ट से गायब रखना उनके योगदान का अनादर है। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी सरकारी शिलान्यास या उद्घाटन कार्यक्रम में सभी स्तर के जनप्रतिनिधियों सांसद, विधायक, जिला परिषद सदस्य, प्रमुख, मुखिया का नाम शामिल किया जाए, ताकि किसी के सम्मान और योगदान को नज़रअंदाज़ न किया जा सके।

