पश्चिम बंगाल के शिक्षाविद पहुँचे श्रीदस इंटरनेशनल स्कूल
बंगाल के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों से मिले मार्गदर्शन से हमारी शिक्षा प्रणाली और मजबूत होगी : प्राचार्य कैलाश कुमार
बरही
देवचंदा मोड़ स्थित श्रीदस इंटरनेशनल स्कूल में पश्चिम बंगाल से आए शिक्षाविदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय का दौरा किया। इस अवसर पर स्कूल के प्राचार्य कैलाश कुमार ने सभी अतिथियों का गुलदस्ता भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में स्थानीय भाजपा नेता रंजीत चंद्रवंशी भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान शिक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राममोहन मिशन स्कूल, कोलकाता के प्राचार्य सुजय बिस्वास ने किया।
वे ASISC के पूर्व अध्यक्ष एवं CISCE की समिति के सदस्य रह चुके हैं। प्रतिनिधिमंडल में अनिमेष कुमार डे डायरेक्टर, गुरुकुल विद्या मंदिर, जोका कोलकाता, पूर्व प्राचार्य आर्मी पब्लिक स्कूल, बीकेपी कैंट, प्रो. जे. चक्रवर्ती सेंट जेवियर्स कॉलेज, कोलकाता, शोभन दत्ता एडवोकेट एवं कंसल्टेंट, राजीव मजूमदार सीनियर एग्जीक्यूटिव, एवं संजय बिस्वास सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान आधुनिक शिक्षा प्रणाली, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन, नैतिक शिक्षा और डिजिटल लर्निंग जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर भाजपा नेता रंजीत चंद्रवंशी ने कहा कि श्रीदस इंटरनेशनल स्कूल क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊँचाइयों तक ले जा रहा है। यहां छात्रों को न केवल किताबी ज्ञान बल्कि संस्कार और अनुशासन भी सिखाया जाता है।
वहीं स्कूल के प्राचार्य कैलाश कुमार ने कहा कि हमारा लक्ष्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। पश्चिम बंगाल के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों से मिले मार्गदर्शन से हमारी शिक्षा प्रणाली और मजबूत होगी। यह दौरा हमारे लिए प्रेरणादायक रहा। प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख सुजय बिस्वास ने कहा कि श्रीदस इंटरनेशनल स्कूल का शैक्षणिक वातावरण अत्यंत अनुशासित और प्रेरणादायक है। यहां बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों का भी ज्ञान दिया जा रहा है, जो आज के समय में बेहद जरूरी है। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। छात्रों और शिक्षकों ने अतिथियों के अनुभवों से प्रेरणा ली। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि श्रीदस इंटरनेशनल स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।

