फेडरेशन ऑफ़ हज़ारीबाग चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से भव्य वन भोज सह पिकनिक का सफल आयोजन
हज़ारीबाग
फेडरेशन ऑफ़ हज़ारीबाग़ चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के तत्वावधान में चेंबर से जुड़े व्यापारियों एवं पदाधिकारियों के लिए एक भव्य वन भोज सह पिकनिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विष्णुपुरी रिलायंस मार्ट के बगल, ट्रांसफार्मर के पास, गली नंबर 13/83 के सामने आयोजित हुआ, जहां सुबह से देर शाम तक उत्साह, उल्लास और आपसी सौहार्द का वातावरण बना रहा। इस आयोजन के संयोजक जयप्रकाश खंडेलवाल एवं नीरज अग्रवाल रहे, जिन्होंने बीते करीब 15 दिनों से कार्यक्रम की तैयारी में निरंतर मेहनत करते हुए व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से अंजाम दिया। उनके कुशल प्रबंधन का ही परिणाम रहा कि कार्यक्रम पूरी तरह अनुशासित, व्यवस्थित और सफल रहा। सुबह 10 बजे से प्रारंभ हुए इस वन भोज कार्यक्रम में सर्वप्रथम नाश्ते की व्यवस्था की गई।
इसके उपरांत दोपहर में भोजन हुआ जिसमें कई प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन फल मिठाइयां चाय कॉफी की सुचारू व्यवस्था की गई थी दिनभर विभिन्न मनोरंजक खेल, हौजी प्रतियोगिता एवं आकर्षक पुरस्कारों ने उपस्थित सदस्यों में विशेष उत्साह भर दिया। संध्या के समय जलपान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर चेंबर से जुड़े सभी व्यापारी, सदस्य एवं पदाधिकारी एक मंच पर नजर आए। व्यापारी वर्ग ने अपने व्यस्त दैनिक कार्य से अवकाश लेकर पूरे दिन इस आयोजन का आनंद लिया। व्यापारिक संगठनों के स्तर पर इस प्रकार का वन भोज हज़ारीबाग़ में पहली बार आयोजित किया गया, जिससे आपसी मेलजोल, संगठनात्मक एकता एवं सौहार्द को नई मजबूती मिली। आयोजन के दौरान प्रतिभागी विभिन्न गतिविधियों का आनंद लेते हुए कार्यक्रम की स्मृतियों को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए। चेंबर के अध्यक्ष शंभू नाथ अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन संगठन में आपसी भाईचारे, सहयोग और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं।
यह वन भोज चेंबर की एकता और सक्रियता का परिचायक है। पिछले 15 दिनों की अथक मेहनत से यह कार्यक्रम सफल हो पाया है, जिसका श्रेय चेंबर के सभी सदस्यों के साथ-साथ कार्यक्रम संयोजक जयप्रकाश खंडेलवाल एवं नीरज अग्रवाल को भी जाता है।
चेंबर के सचिव राकेश ठाकुर ने कहा कि संयोजकों की कार्यशैली, समर्पण और बेहतर प्रबंधन ने इस आयोजन को यादगार बना दिया है। भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों की जिम्मेदारी इन्हीं संयोजकों को देने का निर्णय लेना चैंबर के पक्ष में उचित होगा। चेंबर सदस्यों की एकजुटता ने इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने आयोजकों के प्रति आभार प्रकट करते हुए भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक एवं मनोरंजक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।

