कराटे में हर्षिका सिंह का राष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन, दो सिल्वर मेडल जीतकर बढ़ाया हजारीबाग का मान
हर्षिका सिंह बनती जा रही हैं जिले और झारखंड की पहचान
हजारीबाग
हजारीबाग पुलिस लाइन क्वार्टर निवासी और कार्मल स्कूल की होनहार छात्रा हर्षिका सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। 26 से 28 दिसंबर 2025 तक खड़गपुर, पश्चिम बंगाल में आयोजित सिल्वर जुबली ओपन नेशनल कराटे चैंपियनशिप में 13 से 14 वर्ष आयु वर्ग की गर्ल्स कैटेगरी में हिस्सा लेते हुए हर्षिका ने कराटे फाइटिंग और कराटे काता दोनों स्पर्धाओं में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ हर्षिका सिंह ने दो सिल्वर मेडल और दो प्रमाण पत्र अपने नाम किए।
कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर यह सफलता हजारीबाग के लिए गर्व की बात है। हर्षिका कार्मल स्कूल की प्रतिभाशाली छात्रा हैं और लगातार अपनी मेहनत के बल पर नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। खेल के साथ-साथ हर्षिका पढ़ाई, नृत्य और जुडो में भी सक्रिय हैं। बहुआयामी प्रतिभा के कारण वह जिले और राज्य स्तर पर तेजी से पहचान बना रही हैं। हर्षिका ने अपनी इस सफलता का श्रेय माता श्वेता सिंह, पिता धर्मेंद्र कुमार सिंह, अपने प्रशिक्षकों और निरंतर अभ्यास को दिया है। हर्षिका की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, शिक्षकों और शहरवासियों में खुशी का माहौल है और भविष्य में उनसे और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।

