जयपाल महतो ने मैट्रिक-इंटर परीक्षा केंद्रों का बीडीओ किया निरीक्षण
संवाददाता : बरही
जैक द्वारा आयोजित मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा मंगलवार से शुरू हो गई है। बरही क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संचालित की जा रही है। पहली पाली में मैट्रिक तथा दूसरी पाली में इंटर की परीक्षा आयोजित हो रही है। इसी क्रम में बुधवार को बरही प्रखंड विकास पदाधिकारी जयपाल महतो ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षार्थियों के प्रवेश, बैठने की व्यवस्था एवं परीक्षा संचालन की समग्र स्थिति का जायजा लिया।
साथ ही परीक्षा कक्षों, नियंत्रण कक्ष एवं केंद्र परिसर में तैनात कर्मियों की उपस्थिति की भी समीक्षा की गई। बीडीओ ने केंद्राधीक्षक एवं अन्य कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा का संचालन पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त वातावरण में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रखंड प्रशासन द्वारा मैट्रिक व इंटर परीक्षा के सफल एवं पारदर्शी संचालन हेतु सभी आवश्यक प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था एवं सतत निगरानी की जा रही है।

