केंद्रीय बजट पर झारखंड कांग्रेस का हमला, प्रदेश महासचिव विनोद कुशवाहा ने बताई जनविरोधी बजट
हजारीबाग
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लगातार 9वीं बार पूर्णकालिक केंद्रीय बजट पेश किए जाने को लेकर झारखंड कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस के झारखंड प्रदेश महासचिव विनोद कुशवाहा ने इस बजट की जमकर आलोचना करते हुए इसे आम जनता, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग के लिए निराशाजनक बताया है। विनोद कुशवाहा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पेश किया गया यह बजट पूरी तरह से कॉरपोरेट और पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने वाला बजट है, जबकि देश की बहुसंख्यक आबादी आज भी महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट में न तो बेरोजगार युवाओं के लिए कोई ठोस योजना है और न ही किसानों की आय बढ़ाने को लेकर कोई प्रभावी प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के बावजूद आम जनता को कोई राहत नहीं दी गई। खाद्य पदार्थों, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और शिक्षा-स्वास्थ्य जैसी बुनियादी जरूरतों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है।
बजट में इन मुद्दों को नजरअंदाज कर दिया गया है, जिससे आम आदमी की परेशानियां और बढ़ेंगी। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि झारखंड जैसे खनिज संपन्न लेकिन आर्थिक रूप से पिछड़े राज्य के लिए इस बजट में कोई विशेष पैकेज या योजना नहीं रखी गई, जिससे राज्य के विकास को गति मिल सके। उन्होंने केंद्र सरकार पर झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। विनोद कुशवाहा ने आगे कहा कि मनरेगा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बजट में अपेक्षित वृद्धि नहीं की गई है, जो गरीब और वंचित वर्ग के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी बजट का हर स्तर पर विरोध करेगी और जनता की आवाज को सड़क से संसद तक उठाएगी। अंत में उन्होंने कहा कि यह बजट सबका साथ, सबका विकास के नारे से कोसों दूर है और आने वाले समय में इसका सीधा असर आम जनता की जिंदगी पर नकारात्मक रूप से पड़ेगा।

