मेयर पद के लिए झामुमो के केंद्रीय समिति सदस्य सह समाजसेवी विकास राणा ने किया नामांकन
हज़ारीबाग नगर निगम क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करना मेरी प्राथमिकता : विकास राणा
हजारीबाग
हजारीबाग नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर शहर में चुनावी माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। नगर निगम क्षेत्र में मेयर सहित 36 वार्डों के लिए 23 फरवरी को मतदान होना है। इसी क्रम में झामुमो के केंद्रीय समिति सदस्य सह समाजसेवी विकास राणा ने मेयर पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता मौजूद रहे। ढोल नगाड़े की थाप पर झूमते गाते हजारों की संख्या में हजारीबाग के पुराना बस स्टैंड से शहर का भ्रमण करते हुए नया समाहरणालय पहुंचे । नामांकन के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए नगर निगम क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। विकास राणा ने कहा कि मैं दशकों से समाजसेवा के क्षेत्र काम करता आया हूं और इस बार पहली बार चुनावी मैदान में आया हूं । यदि जनता उन्हें मेयर पद की जिम्मेदारी सौंपती है, तो पूरे हजारीबाग नगर निगम क्षेत्र में सड़क, नाली, गली की साफ-सफाई, नियमित कचरा उठाव और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि शहर की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना बेहद जरूरी है, ताकि आम नागरिकों को बेहतर जीवन-स्तर मिल सके। उन्होंने आगे कहा कि हजारीबाग नगर निगम चुनाव कोई दलगत चुनाव नहीं है। यह जनता से जुड़ा चुनाव है और वे जनता के समर्थन, प्यार और विश्वास के साथ चुनावी मैदान में उतरे हैं। उन्होंने कहा कि शहर के लोगों को उनसे उम्मीदें हैं और वे उन उम्मीदों पर खरा उतरने का भरसक प्रयास करेंगे। मीडिया से बातचीत के दौरान विकास राणा ने हजारीबाग की खासमहाल जमीन के रिन्यूअल को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह समस्या वर्षों से लंबित है और इसका समाधान शहरवासियों के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मुद्दे पर गंभीरता से पहल कर उचित समाधान की दिशा में कार्य किया जाएगा। विकास राणा ने कहा कि वे वार्ड पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर शहर में बिजली की समस्या का निदान कराने का प्रयास करेंगे। कई इलाकों में लो वोल्टेज, बार-बार बिजली कटौती और स्ट्रीट लाइट की खराब स्थिति जैसी समस्याएं बनी हुई हैं, जिसे सुधारना प्राथमिकता में रहेगा। साथ ही प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विशेष ख्याल रखा जाएगा। उन्होंने आगे बताया कि शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाना भी उनकी योजना में शामिल है। इसके अलावा शहर के सौंदर्यीकरण के लिए झीलों, ताल-तलैयों का सुंदरीकरण, पार्कों का विकास और स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
विकास राणा ने खेल को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं के मानसिक व शारीरिक विकास के लिए खेल मैदानों का विकास, खेल सुविधाओं का विस्तार तथा खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना आवश्यक है। अंत में उन्होंने हजारीबाग के लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि उन्हें जनता का प्यार, समर्थन और विश्वास मिला तो वे हजारीबाग के प्रत्येक वार्ड को सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाकर हजारीबाग को एक विशिष्ट नगर निगम का दर्जा दिलाने का भरसक प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान में शामिल होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और हजारीबाग को सुंदर, सशक्त व विकसित बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

