अबुआ दिशोम बजट 2026–27 में शामिल हुए कृष्णा राणा के सुझाव, मुख्यमंत्री ने तीसरी बार किया सम्मानित
बरही
झारखंड सरकार के अबुआ दिशोम बजट 2026–27 के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोज़गार और जीवन स्तर में सुधार से जुड़े अहम सुझाव देने वाले हज़ारीबाग़ जिले के बरही अनुमंडल अंतर्गत माधोपुर निवासी कृष्णा राणा को राज्य सरकार ने सम्मानित किया है। इस अवसर पर राजधानी रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन, धुर्वा में आयोजित समारोह में माननीय वित्त मंत्री हेमन्त सोरेन एवं राधा कृष्ण किशोर द्वारा उन्हें पुरस्कार और सम्मान पत्र प्रदान किया गया। कृष्णा राणा, पिता नुनु राणा, द्वारा दिए गए सुझावों को सरकार द्वारा बजट में अपनाया जाना न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे हज़ारीबाग़ जिले के लिए गर्व की बात मानी जा रही है। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें यह सम्मान तीसरी बार प्रदान किया गया, जो उनकी निरंतर सामाजिक और विकासोन्मुखी भागीदारी को दर्शाता है।
अपने सम्मान पर प्रतिक्रिया देते हुए कृष्णा राणा ने कहा कि उनका उद्देश्य हमेशा राज्य के आम नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में योगदान देना रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बजट में शामिल किए गए इन प्रस्तावों से शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार आएगा और युवाओं के लिए रोज़गार के नए अवसर सृजित होंगे। कार्यक्रम में राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित थे। समारोह के दौरान कृष्णा राणा की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नागरिकों के रचनात्मक सुझावों को नीति निर्माण में शामिल करना लोकतंत्र को और मजबूत बनाता है। हज़ारीबाग़ जिले में इस खबर के बाद खुशी की लहर देखी जा रही है और स्थानीय लोगों ने कृष्णा राणा को बधाई देते हुए इसे जिले के लिए सम्मान की बात बताया है।

