अवैध विद्युत उपयोग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, सात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
बरही
बिजली विभाग द्वारा अवैध रूप से विद्युत ऊर्जा की चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। सहायक विद्युत अभियंता के नेतृत्व में गठित छापेमारी दल ने बरही थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर औचक जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान पाया गया कि कई उपभोक्ता बिना किसी वैध विद्युत कनेक्शन के सीधे विद्युत लाइन से तार जोड़कर बिजली का उपयोग कर रहे थे। यह कृत्य विद्युत अधिनियम के प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन है। मौके से अवैध तार एवं अन्य सामग्री जब्त की गई, जिसे विभागीय कार्यालय में जमा करा दिया गया है। छापेमारी में कुल 7 लोगों को अवैध विद्युत उपयोग का दोषी पाया गया।
साथ ही बरही थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। विशंभर यादव खोड़ाहर, समुद्रा देवी देवचन्दा, कमाख्या सिंह खेरोन, जितेंद्र रवानी निश्चितपुर, दिनेश पासवान निश्चितपुर, भुनेश्वर पासवान निश्चितपुर, सूरज पासवान निश्चितपुर पर अलग-अलग मामलों में कुल ₹1,61,700 का आर्थिक दंड लगाया गया। जुर्माने की राशि ₹18,700 से ₹35,500 तक निर्धारित की गई, जो अवैध उपयोग की प्रकृति एवं आकलन के आधार पर तय की गई है। बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे वैध विद्युत कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें, अन्यथा भविष्य में और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आगे भी इस तरह के जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।

