चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती पर बड़ी कार्रवाई, लगभग 50 एकड़ फसल नष्ट
चौपारण
चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 50 एकड़ में लगी अवैध अफीम की खेती को नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई 08 जनवरी 2026 को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर की गई। जानकारी के अनुसार चौपारण थाना अंतर्गत ग्राम मुरानिया एवं दुरागाढा में बड़े पैमाने पर अफीम की अवैध खेती किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद वन विभाग एवं चौपरण पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा सघन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान खेतों में अवैध रूप से उगाई गई अफीम की फसल को चिन्हित कर मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया।
अभियान के दौरान घटनास्थल से अफीम की खेती में प्रयुक्त 10 सेक्शन पाइप एवं 4 डिलीवरी पाइप बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस द्वारा अवैध रूप से अफीम की खेती करने वाले व्यक्तियों के नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है। दोषियों की पहचान होते ही उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में अग्रतर अनुसंधान जारी है। इस संयुक्त अभियान में एसडीपीओ बरही अजित कुमार बिमल, पुनि बरही अंचल चंद्रशेखर कुमार , चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी, एसआई सुबिन्दर राम, एसआई दिव्य प्रकाश, एएसआई बदल महतो सहित सशस्त्र बल, बनपाल कुलदीप महतो एवं श्रवण कुमार शामिल थे। पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती, तस्करी एवं कारोबार के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

