कोर्रा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई, 7 ब्राउन शुगर तस्कर गिरफ्तार
166.5 ग्राम ब्राउन शुगर और 3.51 लाख नकद बरामद, हजारीबाग पुलिस का नशे के खिलाफ बड़ा अभियान
हजारीबाग |
जिले के कोर्रा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी चोट की है। एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 7 अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 166.5 ग्राम ब्राउन शुगर, 3 लाख 51 हजार 700 रुपये नकद, 2 मोटरसाइकिल और 6 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस को 30 जनवरी 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि नगवां हवाई अड्डा के पास कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने वाले हैं। सूचना मिलते ही सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम बनाई गई। टीम ने नगवां हवाई अड्डा और काठी नेशन होटल के पीछे स्थित एक खंडहरनुमा मकान के पास छापा मारा, जहां कुछ युवक जमा थे।
छापेमारी के दौरान सभी युवकों को पकड़कर तलाशी ली गई। तलाशी में उनके पास से बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर और नकद रुपये बरामद हुए। पूछताछ में पता चला कि ये सभी आरोपी चतरा जिले से ब्राउन शुगर लाकर हजारीबाग के अलग-अलग इलाकों में बेचते थे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में संतोष कुमार साव मुख्य तस्कर है, जो चतरा जिले के पितिज गांव का रहने वाला है। सभी आरोपियों के खिलाफ कोर्रा थाना कांड संख्या 17/26 दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्त : सावन कुमार उम्र 19 वर्ष पिता धनेश्वर राम निवासी प्रेमनगर सिन्दुर थाना कोर्रा। संतोष कुमार उम्र 33 वर्ष पिता रघुनंदन मेहता निवासी जमुआरी थाना ईचाक। प्रशांत कुमार उम्र-28 वर्ष पिता बंधु साव निवासी खिरगावं थाना बड़ा बजार (सदर)। अनिल कुमार उम्र 34 वर्ष पिता स्व० अशोक प्रसाद निवासी नगवा थाना कोर्रा सभी जिला हजारीबाग के निवासी है।
संतोष कुमार साव उम्र 36 वर्ष पिता स्व० जगलाल साव। योगेश प्रसाद उम्र 33 वर्ष पिता परमेश्वर साव दोनो निवासी पितिज थाना ईंटखोरी, जिला-चतरा। धर्मेन्द्र कुमार सिंह उम्र 27 वर्ष पिता सुरेश सिंह निवासी दुल्हा थाना राजपुर तीनो जिला चतरा के निवासी है।
छापामारी दल में शामिल अधिकारी व कर्मी:
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर), हजारीबाग अमित आनंद (भा.पु.से.) के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। टीम में कोर्रा थाना प्रभारी पु.अ.नि. अजीत कुमार, पु.अ.नि. बिड्ड रजक, पु.अ.नि. रमेश यादव और पु.अ.नि. रोशन कुमार शामिल थे।
इसके अलावा तकनीकी शाखा और नक्सल शाखा के अधिकारी व कर्मी भी छापामारी में मौजूद थे। कार्रवाई के दौरान आ. 1629 जितेंद्र कुमार राणा सहित कोर्रा थाना का सशस्त्र बल पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनवरी 2026 महीने में हजारीबाग जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया गया है। इस दौरान लोहसिंघना थाना क्षेत्र से 20.5 किलो अफीम, दारू थाना क्षेत्र से 48 किलो गांजा, और ईचाक व कोर्रा थाना क्षेत्र से कुल 212.7 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है। साथ ही सैकड़ों एकड़ में लगी अवैध अफीम की खेती को भी नष्ट किया गया है। हजारीबाग पुलिस ने साफ कहा है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

