विधायक प्रदीप प्रसाद ने सदर प्रखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय केसुरा में चार अतिरिक्त कक्षों का किया शिलान्यास
शिक्षा समाज के समग्र विकास की सबसे मजबूत नींव है : प्रदीप प्रसाद
हजारीबाग
सदर प्रखंड के केसुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को विधायक प्रदीप प्रसाद द्वारा डीएमएफटी मद से चार अतिरिक्त कक्षों के निर्माण एवं विद्यालय उन्नयन कार्य का शिलान्यास किया गया। यह कार्य ग्रामीण विकास विभाग विशेष प्रमंडल के माध्यम से कराया जा रहा है। शिलान्यास कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों एवं विद्यालय परिवार की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। इस अवसर पर विधायक प्रदीप प्रसाद ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए शिक्षा से जुड़ी आवश्यकताओं और समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त कक्षों के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधा, सुरक्षित भवन और पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण मिलेगा, जिससे विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को शहरों के समान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि शिक्षा समाज के समग्र विकास की सबसे मजबूत नींव है। इसी सोच के साथ वे क्षेत्र के विद्यालयों में भवन, कक्ष, शौचालय, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर लगातार ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, इसके लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल बनाया जा सके। कार्यक्रम के अंत में स्थानीय लोगों ने विद्यालय उन्नयन कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और विधायक प्रदीप प्रसाद के प्रति आभार प्रकट किया। ग्रामीणों ने आशा जताई कि आने वाले समय में क्षेत्र के अन्य विद्यालयों में भी इसी प्रकार के विकास कार्य किए जाएंगे। इस अवसर पर राम अवतार शर्मा , परमेश्वर यादव, अभय सिंह, दिलीप सिंह, राजेश साव, जय यादव, अमृत पासवान, राजू प्रसाद, राजेंद्र मेहता, बिरजू रवि, उमेश सिंह, बिकेश सिंह,संतोष साव, राजेश साव सहित सैकेडों लोग उपस्थित रहे।

