बरही प्रखंड में झारखंड के 25वें स्थापना दिवस और आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम की तैयारी शुरू
11 को रन फोर झारखण्ड व 13 को पेंटिंग प्रतियोगिता का होगा आयोजन
बरही
झारखंड के 25वें स्थापना दिवस 2025 के अवसर पर राज्यभर में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर बरही प्रखंड में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में 01 नवंबर 2025 को प्रखंड कार्यालय बरही में प्रखंड विकास पदाधिकारी जयपाल महतो की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अंचलाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, पशुपालन पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे। बैठक में मुख्य सचिव, झारखंड सरकार, रांची के निर्देशों के आलोक में यह निर्णय लिया गया कि 11 नवंबर से 15 नवंबर 2025 तक स्थापना दिवस पूर्व कार्यक्रम और 18 नवंबर से 28 नवंबर 2025 तक आपकी सरकार आपके द्वार अभियान चलाया जाएगा। बीडीओ जयपाल महतो ने बताया कि स्थापना दिवस से पूर्व 11 नवंबर 2025 को रन फॉर झारखण्ड बरही चौक से कोबरा बटालियन की ओर 200 मीटर दूरी तक, 13 नवंबर 2025 को पेंटिंग प्रतियोगिता बरही टाउन हॉल में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र इसमें भाग लेंगे। पेंटिंग सामग्री और प्रशस्ति पत्र की व्यवस्था शिक्षा विभाग के द्वारा किया जाएगा। 14 नवंबर 2025 से झारखंड सांस्कृतिक जतरा कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम में जेएसएलपीएस की दीदियों द्वारा झारखंडी संस्कृति पर आधारित प्रस्तुति दी जाएगी। 15 नवंबर 2025 को झारखंड स्थापना दिवस समारोह मनाया जाएगा। इस दिन कई विकासात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रत्येक पंचायत में कम से कम एक गृह प्रवेश कार्यक्रम और 10 पूर्ण आवासों की सूची 14 नवंबर तक कार्यालय को सौंप दी जाएगी। मनरेगा के तहत प्रत्येक पंचायत में 10 नई योजनाओं का उद्घाटन होगा। इस अवसर पर सभी पंचायती में ग्राम सभा आयोजित की जाएगी और मुख्यमंत्री झारखंड का ऑनलाइन अभिभाषण प्रसारित होगा। इसके लिए वीएलई की सहायता ली जाएगी। स्थापना दिवस के बाद आपकी सरकार आपके द्वार अभियान 18 से 28 नवंबर 2025 तक आयोजित की जाएगी। इस अभियान के तहत प्रत्येक पंचायत में सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है।

