Ad image

उरीमारी में राहुल दूबे गैंग की फायरिंग की साजिश नाकाम, भारी मात्रा में हथियारों के साथ दो गिरफ्तार

jharkhandnews024@gmail.com
5 Min Read
WhatsApp Group Join Now

उरीमारी में राहुल दूबे गैंग की फायरिंग की साजिश नाकाम, भारी मात्रा में हथियारों के साथ दो गिरफ्तार

एंटी क्राइम चेकिंग और एसआईटी की त्वरित कार्रवाई से टली बड़ी वारदात, महिला सदस्य भी गिरफ़्त में

हज़ारीबाग

हजारीबाग जिले के उरीमारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक घटना को समय रहते नाकाम कर दिया। दिनांक 18 जनवरी 2026 को राहुल दूबे गैंग द्वारा कोलियरी क्षेत्र में दहशत फैलाने और फायरिंग की साजिश रची गई थी, जिसे पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से विफल कर दिया गया। इस दौरान गिरोह के एक सक्रिय सदस्य सहित एक महिला सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से अत्याधुनिक हथियार और भारी मात्रा में कारतूस भी बरामद किए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उरीमारी स्थित एक कोलियरी कंपनी द्वारा रंगदारी की मांग पूरी नहीं किए जाने से नाराज राहुल दूबे और आशीष साव के निर्देश पर गिरोह ने फायरिंग कर दहशत फैलाने की योजना बनाई थी। इसी क्रम में गिरोह के सदस्य मोटरसाइकिल से उरीमारी पहुंचे और कोलियरी क्षेत्र की रेकी की। शाम होने का इंतजार करते हुए वे जंगल की ओर चले गए, ताकि सुनसान का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया जा सके। इसी बीच हजारीबाग पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि राहुल दूबे गिरोह के सक्रिय सदस्य हथियारों से लैस होकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया।

- Advertisement -

एसआईटी द्वारा उरीमारी ओपी क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग और छापामारी अभियान चलाया गया।छापामारी के दौरान रिलैक्स होटल के पास से राहुल दूबे गैंग के सक्रिय सदस्य राजदीप कुमार साव को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के क्रम में उसके पास से एक पुलिस कार्बाइन (लोडेड) बरामद की गई, जिसकी मैगजीन में तीन जिंदा गोलियां थीं। इसके अलावा एक देशी लोडेड पिस्टल और दो जिंदा गोलियां भी बरामद की गईं। कड़ाई से पूछताछ करने पर राजदीप साव ने खुलासा किया कि एक पिस्टल, गोलियां और कुछ मैगजीन गिरोह की महिला सदस्य के पास छिपाकर रखी गई हैं। उसने बताया कि केरेडारी थाना क्षेत्र के हेन्देगीर गांव में रहने वाली महिला अनिता मुंडा (उर्फ मुनिका कुमारी) ने ये हथियार अपने घर में छुपा रखे हैं। सूचना मिलते ही एसआईटी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केरेडारी थाना अंतर्गत ग्राम हेन्देगीर स्थित उक्त महिला के घर की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर एक युवती घर से भागने का प्रयास करने लगी, जिसे महिला चौकीदार की सहायता से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मुनिका कुमारी, उम्र लगभग 20 वर्ष, पिता कार्तिक मुंडा बताया। घर की विधिवत तलाशी के दौरान बेडरूम में रखे आलमीरा से एक देशी लोडेड पिस्टल बरामद की गई, जिसकी मैगजीन में दो जिंदा राउंड थे। इसके अलावा आलमीरा के ऊपरी रैक से एके-47 राइफल के चार काले रंग के खाली मैगजीन तथा एसएलआर राइफल के पांच काले रंग के खाली मैगजीन भी बरामद किए गए। इस मामले में बड़कागांव (उरीमारी ओपी) कांड संख्या 09/26, दिनांक 19.01.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2)(बी), 111(3), 317(5) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25(1), 25(6), 25(7), 25(1-बी), 26 और 35 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त राजदीप साव का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध ठाकुरगांव थाना कांड संख्या 50/25, दिनांक 21.07.2025 के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। गिरफ्तार अभियुक्त में राजदीप कुमार साव पिता रामेश्वर साव निवासी चमातु थाना बालूमाथ जिला लातेहार झारखंड, मुनिका कुमारी (उम्र करीब 20 वर्ष) पिता कार्तिक मुंडा निवासी हेन्देगीर थाना केरेडारी जिला हजारीबाग शामिल है। जप्त सामग्री में पुलिस कार्बाइन 01, देशी पिस्टल 02, जिंदा गोली 05, एके-47 राइफल के मैगजीन 04, एसएलआर राइफल के मैगजीन 05, मोबाइल फोन 06, मोटरसाइकिल 01 (नंबर जेएच 19डी7532 शामिल है। इस अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव पवन कुमार ने किया। उनके साथ पुलिस निरीक्षक ललित कुमार, गिद्दी थाना प्रभारी राणा भानु प्रताप सिंह, उरीमारी ओपी प्रभारी स्थु उरांव, केरेडारी थाना प्रभारी विवेक कुमार, तकनीकी शाखा एवं नक्सल शाखा हजारीबाग के पदाधिकारी तथा उरीमारी ओपी का सशस्त्र बल शामिल था। पुलिस की इस कार्रवाई से उरीमारी और आसपास के कोलियरी क्षेत्रों में दहशत फैलाने की बड़ी साजिश नाकाम हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों और कोलियरी प्रबंधन ने राहत की सांस ली है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *