बरही चौक पर राजद नेता सुभाष यादव का भव्य स्वागत
रांची से कोडरमा लौटते समय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया अभिनंदन
बरही
राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता सुभाष यादव का रांची से कोडरमा लौटने के दौरान बरही चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और फूल-मालाओं के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए राजद नेता सुभाष यादव ने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं एवं नेताओं के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि झारखंड में राष्ट्रीय जनता दल, झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस की संयुक्त सरकार जनता के विकास और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में किसी भी प्रकार का विकास कार्य हो या जनसमस्याएं हों, कार्यकर्ता और आम जनता उन्हें अवश्य अवगत कराएं।
उन्होंने कहा कि बरही विधानसभा क्षेत्र उनकी प्राथमिकता में है और जहां भी जनता की जरूरत पड़ेगी, वे हमेशा सेवा के लिए तत्पर रहेंगे। जनता के हित में सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करने की अपील भी उन्होंने की। इस अवसर पर स्वागत करने वालों में कांग्रेस विधानसभा युवा अध्यक्ष मंजीत यादव, कांग्रेस प्रदेश महासचिव मनोहर यादव, रघुनंदन गोप, यमुना यादव, गाजो यादव, द्वारका रविदास, विकास यादव, छोटू सिंह, सुनील दत्त, राजकुमार यादव, वीरेंद्र यादव, नरेश यादव, देवचंद यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं राजद कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

