शहीद शेख भिखारी व टिकैत उमरांव सिंह की शहादत को नमन, ऑल इंडिया मोमिन कॉन्फ्रेंस ने हजारीबाग में मनाया शहादत दिवस
हजारीबाग
ऑल इंडिया मोमिन कॉन्फ्रेंस, हजारीबाग इकाई द्वारा जिला अध्यक्ष मो. जहांगीर अंसारी के नेतृत्व में गुरुवार को जिला कार्यालय में स्वतंत्रता संग्राम के वीर योद्धा शहीद शेख भिखारी एवं टिकैत उमरांव सिंह की शहादत दिवस श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों महान सेनानियों के चित्र पर माल्यार्पण कर खराज-ए-अकीदत पेश करने के साथ हुई। इसके बाद जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल शहादत स्थल ओरमांझी स्थित चुटूपालू घाटी पहुंचा, जहां उस ऐतिहासिक बरगद के पेड़ के समक्ष श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिस स्थान पर दोनों वीरों को ब्रिटिश शासन ने फांसी पर लटकाया था। उपस्थित सभी लोगों ने उनके साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदान को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता, सद्भाव और उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि शहीद शेख भिखारी और टिकैत उमरांव सिंह ने देश की आजादी, अखंडता और कौमी एकता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। आज आवश्यकता है कि उनकी विरासत को संजोते हुए हिंदू–मुस्लिम एकता को और मजबूत किया जाए तथा समाज में भाईचारा बनाए रखा जाए।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सरकार से मांग की कि दोनों शहीदों की वीरगाथा और जीवन संघर्ष को विद्यालयों के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ी उनके योगदान से प्रेरणा ले सके। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर शहादत दिवस के उपलक्ष्य में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान कर दोनों शहीदों को नमन किया।कार्यक्रम में ऑल इंडिया मोमिन कॉन्फ्रेंस के बाबा-ए-कौम अमानत अली, राष्ट्रीय सचिव सगीर अंसारी, राज्य अध्यक्ष आबिद अली, युवा प्रदेश अध्यक्ष अयूब अली, पूर्व गृह मंत्री सुदेश महतो, खिजरी विधायक राजेश कच्छप, रामगढ़ विधायक ममता देवी, मौलाना मोबिन रिजवी, इमाम मो. शफी, मो. साजिर, मो. फारूक सहित हजारों लोग उपस्थित रहे। वहीं हजारीबाग से राज्य सचिव हाजी कमरुद्दीन अंसारी, जिला महासचिव नुरुल हुदा अंसारी, जिला उपाध्यक्ष मो. फिरोज अंसारी, मो. सिराज अंसारी, मो. सलीम रज़ा, अधिवक्ता मो. आफताब आलम, मो. मुमताज अंसारी, मो. अफरोज, मो. रिजवान, मो. अतहर समेत बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की।

