सॉफ्टेक कंप्यूटर एजुकेशन में श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई सरस्वती पूजा
मां सरस्वती की कृपा से जीवन में ज्ञान, अनुशासन व सफलता का मार्ग होते हैं प्रशस्त : निदेशक
बरही
हजारीबाग रोड स्थित सॉफ्टेक कंप्यूटर एजुकेशन में विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से संपन्न हुई। पूजा-अर्चना आचार्य शशि पांडेय के पांडित्य में संपन्न कराई गई, जिसमें संस्थान के निदेशक जयदीप कुमार सिन्हा, केंद्र के कर्मी, विद्यार्थी एवं कई पूर्ववर्ती छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इस अवसर पर निदेशक सिन्हा ने कहा कि मां सरस्वती का आशीर्वाद जीवन में ज्ञान, अनुशासन और सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने सभी छात्रों से निरंतर सीखते रहने, तकनीकी दक्षता बढ़ाने और समाज में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।
आचार्य पांडेय ने बताया कि विद्या केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होती, बल्कि सदाचार, संयम और सेवा भाव से जीवन को श्रेष्ठ बनाने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को ज्ञान का सदुपयोग कर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने की प्रेरणा दी। पूजा में सेंटर मैनेजर रूमी कुमारी, लैब इंस्ट्रक्टर भोला कुमार, रोहित दास, शिवानी कुमारी पूर्ववर्ती विद्यार्थी बैजनाथ, सविता कुमारी, जूली सिंह, साक्षी, रिंकी, नूपुर सहित विनीता, सुनीता, प्रियंका, विकास, सुनील, अभय, काजल, श्रुति, सीमा, आयुष, कई विद्यार्थी उपस्थित रहे। पूजा उपरांत श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और संध्या आरती व भजन-कीर्तन में सहभागिता की। निदेशक ने बताया कि शनिवार को हवनोपरांत खिचड़ी का महाभोग अर्पित किया जाएगा तथा विधि-विधान से मां शारदे की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

