बसंत पंचमी को लेकर बरकट्ठा में मां सरस्वती की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे मूर्तिकार
झारखण्ड न्यूज24 बरकट्ठा
जया अहमद
बरकट्ठा। प्रखंड क्षेत्र में आगामी 23 जनवरी को मनाये जाने वाले बसंत पंचमी पर्व को लेकर विद्या की देवी मां सरस्वती की प्रतिमाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस कार्य को लेकर मूर्तिकार दिन-रात प्रतिमा निर्माण में जुटे हुए हैं। बरकट्ठा प्रखंड के ग्राम बेलकप्पी, बरकट्ठा धर्मशाला एवं बरकट्ठा बाजार टांड़ सहित विभिन्न स्थानों पर कारीगरों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमाएं बनाई जा रही है। पूजा को लेकर विद्यालयों एवं पूजा समितियों की ओर से प्रतिमाओं की मांग लगातार बढ़ रही है।
बेलकप्पी गांव के मूर्तिकार विनोद कुमार ने बताया कि वे केवल मां सरस्वती ही नहीं, बल्कि अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी ऑर्डर पर तैयार करते हैं। उन्होंने बताया कि वे पिछले 15 वर्षों से इस कार्य से जुड़े हुए हैं। मूर्तिकार ने कहा कि बसंत पंचमी को लेकर पिछले एक माह से प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने का काम चल रहा है। उनकी तैयार की गई प्रतिमाएं 1500 रुपये से लेकर आठ हजार रुपये तक की दर में उपलब्ध हैं। जिनकी बुकिंग बरकट्ठा प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के विद्यालयों द्वारा की जा रही है।

