श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान महायज्ञ का शुभारंभ, विधायक मनोज यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया प्रवचन मंच का उद्घाटन
बरही
भागवत कथा का श्रवण मानव जीवन को पवित्र और अनुशासित बनाता है : मनोज यादव
बरही में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान महायज्ञ के प्रवचन मंच का विधिवत उद्घाटन बरही विधायक मनोज यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक मनोज यादव ने कहा कि भागवत कथा का श्रवण मानव जीवन को पवित्र और अनुशासित बनाता है। इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में नैतिकता और संस्कारों को सशक्त बनाते हैं। उन्होंने आयोजकों को इस पवित्र कार्य के लिए धन्यवाद दिया। प्रवचन का आरंभ अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित देव कृष्ण शास्त्री जी महाराज (श्रीधाम अयोध्या) के द्वारा किया गया। उन्होंने श्रीमद्भागवत के प्रसंगों के माध्यम से भक्ति, धर्म और कर्म के महत्व पर प्रकाश डाला। श्रोतागण कथा में डूबे रहे और वातावरण में हरे कृष्ण, हरे राम के जयघोष गूंजते रहे। बताते चलें कि इस श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान महायज्ञ का आयोजन अधिवक्ता रामचन्द्र साव एवं उनकी धर्मपत्नी उर्मिला देवी के द्वारा कराया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर भक्ति भाव से सराबोर रहा और श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर आत्मिक शांति का अनुभव किया। मौके पर विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, आजसू प्रभारी राजसिंह चौहान, जिला परिषद प्रतिनिधि गुरुदेव गुप्ता, निरंजन केशरी, नरेंद्र केशरी, प्रदीप स्वर्णकार, नंदकिशोर साहू, दिवाकर पाण्डेय, विनोद केशरी समेत अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

