तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण से लौटे श्रीदस इंटरनेशनल स्कूल के छात्र
ओडिशा के ऐतिहासिक व शैक्षणिक स्थलों का किया भ्रमण, अब विज्ञान प्रदर्शनी की तैयारी में जुटे
बरही
श्रीदस इंटरनेशनल स्कूल, देवचंदा मोड़, बरही के छात्र-छात्राएँ तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम पूर्ण कर सकुशल अपने घर पहुँच गए हैं। यह शैक्षणिक यात्रा ओडिशा राज्य के प्रमुख ऐतिहासिक एवं शैक्षणिक स्थलों के लिए आयोजित की गई थी, जहाँ विद्यार्थियों ने ज्ञान के साथ-साथ मनोरंजन का भी भरपूर आनंद लिया। इस दौरान छात्रों ने कोणार्क सूर्य मंदिर, पुरी जगन्नाथ मंदिर, चिल्का झील, भुवनेश्वर के संग्रहालय तथा अन्य शैक्षणिक स्थलों का भ्रमण किया। यात्रा के दौरान बच्चों ने भारत की सांस्कृतिक धरोहर को नजदीक से देखा और व्यवहारिक ज्ञान भी अर्जित किया।
भ्रमण से लौटते ही अब सभी विद्यार्थी 22 जनवरी को आयोजित होने वाली विज्ञान प्रदर्शनी की तैयारियों में पूरे जोश के साथ जुट गए हैं। छात्र अपने-अपने विज्ञान मॉडलों, प्रोजेक्ट्स और प्रयोगों को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक श्री राकेश सिंह ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे कक्षा से बाहर की दुनिया को समझते हैं। हमें गर्व है कि हमारे विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों में भी आगे बढ़ रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अभिभावकों से विज्ञान प्रदर्शनी में उपस्थित होकर बच्चों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।

