धान अधिप्राप्ति केंद्र धनवार का हुआ शुभारंभ, जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर किया उद्घाटन, केंद्र पर शुरू हुई किसानों से धान की खरीद
पैक्स खुलने के बाद अब किसानों को मिलेगा सीधा लाभ : किशुन यादव
पारदर्शी तरीके से होगी धान की खरीद : मुखिया राजेन्द्र प्रसाद
बरही
धनवार प्रखंड में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धान अधिप्राप्ति केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। केंद्र का उद्घाटन जीप उपाध्यक्ष किशुन यादव, विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, जीप प्रतिनिधि गुरुदेव गुप्ता, बीसीओ संजय यादव, स्थानीय मुखिया सह पैक्स अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर किया। उद्घाटन के पश्चात धान अधिप्राप्ति केंद्र में किसानों से धान की खरीद प्रक्रिया प्रारंभ हो गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता पैक्स अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने की, जबकि संचालन नन्दलाल प्रसाद के द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी उपस्थित अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया। पुजारी डोमन पाण्डेय ने विधिवत रूप से पैक्स कार्यालय का पूजा अर्चना कराया।
जीप उपाध्यक्ष किशुन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि धान अधिप्राप्ति केंद्र के शुभारंभ से क्षेत्र के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। किसानों को अब अपना धान बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान की बिक्री का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में केंद्र पर धान लाने की अपील की। स्थानीय मुखिया सह पैक्स अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि धान अधिप्राप्ति केंद्र पर किसानों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। धान की खरीद पूरी तरह पारदर्शी तरीके से की जाएगी, ताकि किसी भी किसान को परेशानी न हो। उन्होंने आश्वासन दिया कि समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
कहा कि 2450 रुपये प्रति क्विंटल सरकारी दर से धान खरीद की जाएगी। धान अधिप्राप्ति केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल देखा गया और सभी ने इसे किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। मौके पर उपमुखिया दामोदर प्रसाद वर्मा, प्रकाश साव, ब्रह्मदेव यादव, तिलक यादव, विकास यादव, बंटी कुमार, नन्दलाल प्रसाद, नरेश प्रसाद, रामजी प्रसाद, अजीत प्रसाद, उपेन्द्र प्रसाद, मोहन प्रसाद, राजेन्द्र प्रसाद, बसंत प्रसाद, रामदेव सिंह, बाबूलाल सिंह, प्रकाश प्रसाद, अर्जुन प्रसाद, विशेश्वर महतो, उमेश प्रसाद, निरंजन प्रसाद, भवानी प्रसाद, चंदन प्रसाद, उमेश यादव, बैजनाथ यादव, केशो यादव, दिलीप केशरी, हसमत अंसारी, जागेश्वर साव, कृष्णा केशरी, सुनील केशरी, राजदेव यादव, अशोक यादव, विजय साव, प्रदीप प्रसाद, राजू प्रसाद, बासुदेव प्रसाद, सीताराम रविदास, मुकेश रविदास, अभिषेक कुमार, लालधारी महतो सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

