बरही में सरस्वती विद्या पीठ कोनरा में मनाई गई डॉ. संजय कुमार वर्णवाल की प्रथम पुण्यतिथि
शैक्षणिक क्षेत्र में उनके योगदान को किया गया याद, विद्यार्थियों ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
बरही
बरही प्रखंड के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान सरस्वती विद्या पीठ कोनरा, बरही में शनिवार को संस्थान के संस्थापक और प्रख्यात शिक्षाविद डॉ. संजय कुमार वर्णवाल की प्रथम पुण्यतिथि श्रद्धा और भावनाओं के साथ मनाई गई। इस मौके पर शिक्षक, सहयोगी कर्मी एवं वर्तमान पूर्व विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उन्हें नमन किया और उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।कार्यक्रम के दौरान शिक्षक आलोक कुमार वर्णवाल, गौरव कुमार, गौतम कुमार, दामोदर कुमार गुप्ता सहित संस्थान से जुड़े अन्य शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
उपस्थित लोगों ने कहा कि डॉ. वर्णवाल ने शिक्षा के माध्यम से समाज के पिछड़े और साधनहीन बच्चों को आगे बढ़ाने का जो संकल्प लिया था, वह हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। इस अवसर पर संबोधित करते हुए आलोक कुमार वर्णवाल ने कहा कि डॉ. संजय वर्णवाल ने न सिर्फ शिक्षा को सरल और सुलभ बनाया, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों को भी स्थापित किया। उन्होंने कहा कि संस्थान उनके सपनों और संकल्पों के अनुरूप लगातार बेहतर शिक्षा देने का प्रयास करता रहेगा, यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने भी अपने गुरु के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा को वे कभी नहीं भूलेंगे। कार्यक्रम शांत और भावुक वातावरण में संपन्न हुआ।

